![]()
फतेहपुर जिले में SI भर्ती परीक्षा शुरू हो गई है। नकल विहीन परीक्षा सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन ने कड़े इंतजाम किए हैं। प्रवेश से पहले अभ्यर्थियों की गहन तलाशी ली जा रही है। चेकिंग के दौरान लड़कियों के कान की बालियां और टॉप्स उतरवाए जा रहे हैं, वहीं महिलाओं के गले से मंगलसूत्र और पैरों से पायल भी उतरवाने के बाद ही उन्हें परीक्षा केंद्र में प्रवेश दिया जा रहा है। यह कदम नकल रोकने के उद्देश्य से उठाया गया है। जिला विद्यालय निरीक्षक राकेश सिंह ने बताया कि यूपी पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड लखनऊ द्वारा आयोजित यह परीक्षा जिले के 7 केंद्रों पर 14 और 15 मार्च को दो पालियों में आयोजित की जाएगी। पहली पाली सुबह 10:00 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक और दूसरी पाली दोपहर 03:00 बजे से शाम 05:00 बजे तक होगी। अभ्यर्थियों को परीक्षा शुरू होने से 2 घंटे पहले प्रवेश दिया जाएगा, जबकि परीक्षा शुरू होने के 30 मिनट पूर्व प्रवेश बंद कर दिया जाएगा। उन्होंने यह भी बताया कि प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर दो क्लॉक रूम बनाए गए हैं। इनमें से एक अभ्यर्थियों के सामान के लिए और दूसरा परीक्षा संपन्न कराने वाले अधिकारी/कर्मचारियों के सामान के लिए होगा। परीक्षा के पहले दिन शहर के डॉ. भीम राव अंबेडकर महाविद्यालय, महात्मा गांधी स्नातकोत्तर महाविद्यालय, मुस्लिम इंटर कॉलेज, राजकीय इंटर कॉलेज, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज सहित कुल 7 केंद्रों पर परीक्षा जारी है।
Source link
यूपी SI परीक्षा, गहने उतरवाकर मिली एंट्री:फतेहपुर के 7 केंद्रों पर परीक्षा, मंगलसूत्र और पायल भी उतरवाए गए