यूपी विधान परिषद समिति ने की विकास कार्यों की समीक्षा:मेरठ, बागपत, बुलंदशहर के अधिकारियों संग हुई बैठक


उत्तर प्रदेश विधान परिषद की विधायी समाधिकार समिति ने विकास भवन सभागार में मेरठ, बागपत और बुलंदशहर जिलों के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। समिति की सभापति वंदना वर्मा की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में विभिन्न विभागों से संबंधित लंबित प्रकरणों और जनहित से जुड़े मुद्दों की विस्तृत समीक्षा की गई। सभापति वंदना वर्मा ने समिति के उद्देश्यों को स्पष्ट करते हुए कहा कि जनहित के कार्यों को प्राथमिकता देना और उनकी समस्याओं का निस्तारण सुनिश्चित करना ही समिति का मुख्य लक्ष्य है। उन्होंने सभी अधिकारियों को पूरी संवेदनशीलता के साथ योजनाओं का क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में विधायक निधि से संचालित विकास कार्यों में गुणवत्ता, पारदर्शिता और समयबद्धता सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया। संबंधित विभागों ने समिति की अपेक्षा के अनुरूप अपनी रिपोर्ट प्रस्तुत की, जिस पर समिति ने संतोष व्यक्त किया। सभापति ने अधिकारियों को समिति द्वारा दिए गए निर्देशों का अनुपालन सुनिश्चित करने को कहा। समिति ने यह भी निर्देश दिया कि जनप्रतिनिधियों से प्राप्त पत्रों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण किया जाए। सभी अधिकारी जनप्रतिनिधियों के प्रति प्रोटोकॉल का पालन सुनिश्चित करें। लोक निर्माण विभाग को निर्देश दिया गया कि जिले में हुए सभी विकास कार्यों के शिलापट्ट पर शासनादेश के अनुसार संबंधित क्षेत्र के जनप्रतिनिधि का नाम अवश्य अंकित किया जाए। स्वास्थ्य विभाग के कार्यों, विभिन्न योजनाओं की प्रगति, आवारा पशुओं की समस्या, टीकाकरण अभियान और सहभागिता योजना के संबंध में भी विस्तृत जानकारी ली गई और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। इसके अतिरिक्त, नगर निगम, मेडा (मेरठ विकास प्राधिकरण), सिंचाई विभाग, ऊर्जा विभाग, ग्राम्य विकास विभाग और पंचायती राज विभाग सहित अन्य विभागों की भी समीक्षा की गई और उन्हें आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए। जिलाधिकारी डॉ. वी.के. सिंह ने समिति को जनपद में बनाए गए मॉडल स्कूलों के बारे में विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने सभापति को आश्वस्त किया कि समिति द्वारा दिए गए सभी निर्देशों का गंभीरता और शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित कराया जाएगा। इस बैठक में संतोष सिंह, सदस्य वीरेन्द्र सिंह, एमएलसी धर्मेन्द्र भारद्वाज, मेडा उपाध्यक्ष एमडीए संजय कुमार मीणा, नगर आयुक्त सौरभ गंगवार, मुख्य विकास अधिकारी नूपुर गोयल, पीडीडीआरडीए सुनील कुमार सिंहमौजूद रहे।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *