युवती के चेहरे से चलती बाइक से नकाब खींचा:प्रयागराज में ऑफिस से घर लौटते वक्त सरेशाम छेड़छाड़, बिना नंबर की पल्सर से थे 3 युवक


प्रयागराज के कैंट इलाके में ऑफिस से घर लौट रही एक 25 साल की युवती से सरेशाम छेड़छाड़ का मामला सामने आया है। बाइक सवार तीन युवकों ने पीछे से आकर युवती के चेहरे पर बंधा स्टोल खींच दिया। अचानक हुई इस हरकत से युवती की स्कूटी अनियंत्रित हो गई और वह गिरते-गिरते बची। युवती के मुताबिक, वह स्कूटी रोककर युवकों का विरोध करने के लिए नीचे उतरती, इससे पहले ही तीनों बाइक सवार वहां से भाग निकले। घटना सोमवार शाम करीब 7 बजे की बताई जा रही है। पीड़िता कैंट क्षेत्र की रहने वाली है और म्योराबाद के पास रहती है। वह एक निजी कंपनी में नौकरी करती है। रोज की तरह वह ऑफिस से स्कूटी से घर लौट रही थी। म्योराबाद चौराहे से चर्च की ओर जाने वाले रास्ते पर वह कुएं के पास पहुंची थी। इसी दौरान पीछे से एक पल्सर बाइक पर सवार तीन युवक उसके पास पहुंचे।
पीछे से आए, स्टोल खींचा और भाग निकले
युवती का कहना है कि बाइक पर पीछे बैठे युवकों में से एक ने अचानक उसके चेहरे पर बंधा स्टोल खींच लिया। सब कुछ इतनी तेजी से हुआ कि वह कुछ समझ ही नहीं पाई। स्टोल खींचे जाने से स्कूटी का संतुलन बिगड़ गया और वह गिरते-गिरते बची।
युवती ने स्कूटी रोकने के बाद युवकों का सामना करने की कोशिश की। वह नीचे उतरती, इससे पहले ही तीनों युवक यूटर्न लेकर वापसि आए और उसे घूरते हुए भाग निकले। पीड़िता के मुताबिक, वारदात के बाद वह काफी घबरा गई थी। हेलमेट और कपड़े से चेहरा ढका था
पीड़िता ने बताया कि बाइक चला रहे युवक ने हेलमेट पहन रखा था। उसके पीछे बैठे दोनों युवकों ने रूमाल और गमछे से अपना चेहरा ढक रखा था। तीनों पल्सर बाइक पर सवार थे। खास बात यह है कि बाइक पर नंबर प्लेट नहीं लगी थी।
युवती ने घटना के बाद युवती हेल्पलाइन पर शिकायत करने के साथ कैंट थाने में भी शिकायत किए जाने की बात कही है। उसका कहना है कि सार्वजनिक रास्ते पर उसके साथ इस तरह की अभद्रता करने वाले युवकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। उसने वीडियो बनाकर भी अपने साथ हुई इस घटना को साझा किया।
थाना प्रभारी बोले- कोई शिकायत नहीं मिली
इस मामले में पुलिस की कार्रवाई को लेकर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। दरअसल कैंट थाना प्रभारी अमरनाथ राय का कहना है कि उनके पास ऐसी कोई शिकायत या सूचना नहीं पहुंची है। वहीं, डीसीपी सिटी के आधिकारिक हैंडल से सोशल मीडिया पर बताया गया कि मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई के लिए कैंट थाना प्रभारी को निर्देशित किया गया है।
अब सवाल यह है कि जब युवती शिकायत करने की बात कह रही है और डीसीपी सिटी के स्तर से कैंट पुलिस को जांच के निर्देश दिए जाने की जानकारी दी गई है, तो थाना प्रभारी तक शिकायत या सूचना क्यों नहीं पहुंची।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *