युवक ने पत्नी से झगड़े के बाद फंदा लगाया:इलाज के बाद अस्पताल में तोड़ा दम, संभल में विवाद पर बहन ने टोका था


संभल में एक युवक ने घरेलू विवाद के बाद फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। परिजनों ने एक निजी अस्पताल पर इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा किया और पुलिस कार्रवाई के बिना ही शव घर ले गए। मृतक की पहचान अमरोहा जिले की हसनपुर तहसील के बहादुरपुर गांव निवासी सोनू (22) पुत्र धर्मपाल के रूप में हुई है। पिता के अनुसार, सोनू ने पांच दिन पहले 60-60 हजार रुपए का बंटवारा किया था। वह काम पर जाने के बजाय घर लौट आया, जहां उसकी पत्नी पूनम से सुबह से ही किसी बात को लेकर कहासुनी हो रही थी। उनकी बेटी सपना ने दोनों को झगड़ा न करने के लिए टोका। इसके बाद सोनू घर के अंदर गया और चौखट से अंगोछे का फंदा बनाकर गले में लगा लिया। उसे पहले स्थानीय अस्पताल ले जाया गया, जहां हालत गंभीर होने पर संभल शहर के एक निजी अस्पताल हसीना बेगम में भर्ती कराया गया। पिता के मुताबिक, सोनू का पांच दिन से वहीं इलाज चल रहा था और शुक्रवार दोपहर को उसने दम तोड़ दिया। हालांकि, अस्पताल प्रशासन ने शाम को मौत होने की बात बताई। युवक की मौत से परिजनों में कोहराम मच गया। उन्होंने अस्पताल प्रशासन पर इलाज में गंभीर लापरवाही बरतने का आरोप लगाते हुए हंगामा शुरू कर दिया। घटना की सूचना मिलने पर संभल कोतवाली पुलिस अस्पताल पहुंची। पुलिस ने परिजनों और अस्पताल प्रशासन से जानकारी ली और उन्हें समझा-बुझाकर शांत किया। थाना प्रभारी सुधीर पंवार ने बताया कि युवक के परिजनों ने पंचनामा भरने और पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया, जिसके बाद वे शव को अपने साथ घर ले गए। गौरतलब है कि छह महीने पहले सोनू की मां की बीमारी के कारण मौत हो चुकी थी और पंद्रह दिन पहले ही उसकी बेटी का जन्म हुआ था।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *