![]()
मैनपुरी के दन्नाहार थाना क्षेत्र में जमीनी विवाद को लेकर एक युवक पर हमला किया गया है। पीड़ित पक्ष ने पुलिस अधीक्षक को प्रार्थना पत्र देकर आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर कड़ी कार्रवाई की मांग की है। पीड़ित का आरोप है कि हमलावरों ने घात लगाकर रास्ता रोका और तमंचे से फायर कर दिया, जिससे युवक के कंधे में गोली लग गई। घटना के बाद घायल को पहले जिला अस्पताल ले जाया गया। गंभीर हालत को देखते हुए उसे सैफई मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। पुलिस अधीक्षक को दिए गए प्रार्थना पत्र के अनुसार, दन्नाहार थाना क्षेत्र के नगला हिम्मत निवासी संजू ने बताया कि 26 जून की रात करीब 10:30 बजे उसका छोटा भाई अंजू अपनी बहन के घर से मोटरसाइकिल से लौट रहा था। आरोप है कि नगला भोज मोड़ के पास पहले से घात लगाए बैठे मैनसिंह पुत्र प्रमोद और तीन अज्ञात लोगों ने उसे रोक लिया। आरोपी बाइक साथ में ले गए पीड़ित का आरोप है कि आरोपियों ने अंजू से गाली-गलौज की। जब अंजू ने इसका विरोध किया, तो मैनसिंह ने तमंचे से फायर कर दिया। गोली अंजू के कंधे में लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। पीड़ित पक्ष ने यह भी आरोप लगाया है कि घटना के बाद आरोपी घायल युवक की स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल और उसके कागजात भी अपने साथ ले गए। गोली चलने की आवाज सुनकर परिजन मौके पर पहुंचे और तत्काल डायल-112 पर सूचना दी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और एंबुलेंस की मदद से घायल को जिला अस्पताल भेजा गया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसे सैफई मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया, जहां उसका उपचार जारी है। पीड़ित का आरोप है कि आरोपियों से उनका पुराना जमीनी विवाद चल रहा है और पहले भी जान से मारने की धमकियां दी जा चुकी हैं। घटना के समय संजू घर पर नहीं था और सूचना मिलने के बाद वापस लौटकर थाने पहुंचा। उसने पुलिस अधीक्षक से मामले की निष्पक्ष जांच कर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करते हुए कठोर कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
Source link
मैनपुरी में जमीनी विवाद में युवक को मारी गोली:रात में घात लगाकर युवक पर फायरिंग का आरोप, कंधे में लगी गोली; एसपी से मांगी मदद