मैनपुरी में अकीदत संग निकला मोहर्रम जुलूस, शांतिपूर्ण संपन्न:या हुसैन की सदाओं के बीच कुरावली में निकला मोहर्रम का जुलूस, कर्बला पहुंचकर संपन्न हुई रस्में


मैनपुरी के कुरावली कस्बे में मोहर्रम की दसवीं तारीख, यौम-ए-आशूरा पर हज़रत इमाम हुसैन और कर्बला के शहीदों की याद में पारंपरिक ताजिया जुलूस निकाला गया। यह आयोजन देर रात तक चला और बड़ी संख्या में अकीदतमंद इसमें शामिल हुए। पुलिस प्रशासन की कड़ी निगरानी में पूरा कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। शुक्रवार रात कुरावली के विभिन्न इमामबाड़ों से ताजिए पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ उठाए गए। बैंड की मातमी धुनें और ‘या हुसैन’ के नारे लगाते हुए जुलूस नगर की विभिन्न गलियों से गुजरा। रास्ते भर लोगों ने ताजियों के दर्शन किए और अपनी श्रद्धा व्यक्त की। पूरे कस्बे में गम और इबादत का माहौल रहा। जुलूस के दौरान मुस्लिम समाज की महिलाओं ने अलम शरीफ पर नींबू, धागे और दुपट्टे बांधकर मन्नतें मांगीं। जुलूस मार्ग पर कई स्थानों पर अकीदतमंदों और जायरीन के लिए शर्बत, तबर्रुक और अन्य खाद्य सामग्री वितरित की गई। सामाजिक और धार्मिक संगठनों ने भी सेवा व्यवस्था बनाए रखी। शाम करीब आठ बजे सभी ताजिए सराय मोहल्ले में एकत्रित हुए। यहां बाहर से आए अखाड़ों के खलीफाओं के नेतृत्व में युवाओं ने पारंपरिक युद्धक कलाओं और हैरतअंगेज करतबों का प्रदर्शन किया। मातमी धुनों और नौहाख्वानी के बीच श्रद्धालुओं ने इमाम हुसैन की शहादत को याद किया। इसके बाद देर रात मरसिये और नौहाख्वानी के साथ ताजियों का जुलूस सदर बाजार से होकर कर्बला पहुंचा, जहां पारंपरिक रस्में पूरी की गईं। आयोजन के दौरान सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह चाक-चौबंद रही। एसपी ग्रामीण अभिषेक तिवारी और थाना प्रभारी निरीक्षक ललित भाटी पुलिस बल के साथ लगातार जुलूस मार्ग पर तैनात रहे। प्रशासन ने पूरे आयोजन पर कड़ी नजर रखी, जिससे मोहर्रम का जुलूस पूरी तरह शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। इस अवसर पर मोहर्रम कमेटी के अध्यक्ष बिलाल कुरैशी सहित कासिब कुरैशी, हाजी रिजवान कुरैशी, असद खान, अंसार मंसूरी, रिहान कुरैशी, बहाब अंसारी, नईम रईन, सानू अंसारी, अबरार अब्बासी, शीबू कुरैशी, आमिर कुरैशी समेत बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *