![]()
कन्नौज के मेहंदीघाट स्थित अंत्येष्टि स्थल के निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री ने व्यापक अव्यवस्थाएं और गंदगी देखकर गहरी नाराजगी जताई। निरीक्षण में घाट परिसर, मुख्य बांध और सीढ़ियों तक साफ-सफाई की स्थिति बेहद खराब मिली। वित्तीय वर्ष 2022-23 में लगभग 24.23 लाख रुपये की लागत से स्वीकृत अंत्येष्टि स्थल का निर्माण कार्य अब तक पूरा नहीं हो सका है। वहीं सांसद निधि से पहले कराए गए निर्माण कार्य भी जर्जर हालत में पाए गए। निरीक्षण के दौरान विश्रामालय और चबूतरे अव्यवस्थित मिले तथा परिसर में रोशनी की कोई व्यवस्था नहीं थी। शुल्क वसूली में पारदर्शिता पर सवाल जिलाधिकारी को जांच के दौरान यह भी पता चला कि अंतिम संस्कार के लिए आने वाले परिवारों से लिए जाने वाले शुल्क का कोई रिकॉर्ड उपलब्ध नहीं है। शुल्क दरों का कहीं प्रदर्शन नहीं किया गया था, जिससे पारदर्शिता और संचालन व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए। जांच के लिए चार सदस्यीय समिति गठित मामले को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ने स्थलीय और अभिलेखीय जांच के लिए चार सदस्यीय समिति गठित की है। इसमें उपायुक्त मनरेगा, खंड विकास अधिकारी कन्नौज, सहायक अभियंता आरईडी और जिला कार्यक्रम अधिकारी को शामिल किया गया है। समिति को सात दिनों के भीतर विस्तृत और तथ्यात्मक रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।
Source link
मेहंदीघाट अंत्येष्टि स्थल पर गंदगी, डीएम ने बनाई जांच समिति:कन्नौज में 24 लाख के काम अधूरे, शुल्क वसूली में नहीं पारदर्शिता