मेरठ में शराब ठेके पर लूट का प्रयास:फायरिंग और पथराव, सेल्समैन ने पुलिस पर लगाए समझौते के आरोप


मेरठ के सिविल लाइन थाना क्षेत्र में मवाना अड्डे के पास स्थित एक शराब के ठेके पर मंगलवार देर रात लूट के प्रयास, फायरिंग और पथराव की घटना सामने आई है। आरोप है कि शराब लेने पहुंचे चार से पांच युवकों ने ठेका बंद होने पर जबरन अंदर घुसने का प्रयास किया। विरोध करने पर उन्होंने फायरिंग कर दहशत फैलाई और ठेके पर पथराव कर फरार हो गए। फलावदा निवासी निखिल मावना बस स्टैंड के सामने स्थित शराब के ठेके पर सेल्समैन हैं। मंगलवार रात करीब 10 बजे ठेका बंद करने के बाद वह कैंटीन में मौजूद थे। इसी दौरान चार से पांच युवक वहां पहुंचे और शराब की मांग करने लगे। निखिल ने ठेका बंद होने की बात कहकर शराब देने से मना कर दिया। आरोप है कि इससे नाराज युवकों ने गेट खोलकर जबरन अंदर घुसने का प्रयास किया और ठेके में लूटपाट की कोशिश की। सेल्समैन ने शोर मचाते हुए गेट बंद कर लिया। इसके बाद आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। पीड़ित के अनुसार, कुछ देर बाद आरोपियों ने एक राउंड फायरिंग की और ठेके पर पत्थर बरसाने शुरू कर दिए। गोलियों और पथराव की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके की ओर दौड़े, जिसके बाद आरोपी फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। घटना की सूचना तुरंत डायल-112 पर दी गई। पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। बुधवार को सेल्समैन ने सिविल लाइन थाने में पहुंचकर आरोपियों के खिलाफ लिखित तहरीर दी। पीड़ित पक्ष का आरोप है कि शिकायत देने के बावजूद अभी तक मुकदमा दर्ज नहीं किया गया है। उनका कहना है कि चौकी स्तर पर मामले को गंभीरता से लेने के बजाय समझौते का दबाव बनाया जा रहा है। वहीं, घटना के बाद स्थानीय व्यापारियों और आसपास के लोगों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। पुलिस का कहना है कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। तथ्यों का सत्यापन करने के बाद आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *