![]()
मेरठ के देहली गेट थाना क्षेत्र के पूर्वा ताहिर हुसैन में रविवार देर शाम गली में दरवाजा खोलने को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया। इस दौरान हुई मारपीट में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। पीड़ित पक्ष ने पुलिस पर कार्रवाई न करने और मिलीभगत का आरोप लगाया है, जिससे इलाके में तनाव का माहौल है। पूर्वा ताहिर हुसैन निवासी वसीम पुत्र हाजी नफीस के अनुसार, उनकी गली में करीब 10 से 12 परिवार रहते हैं और यह गली वर्षों से केवल स्थानीय लोगों के आने-जाने के लिए इस्तेमाल होती रही है। वसीम का आरोप है कि तीन साल पहले पड़ोसी निजामुद्दीन ने एक मकान और दुकान खरीदी थी। रविवार को उसने पीछे की गली में जबरन एक नया दरवाजा खोल दिया। जब मोहल्ले के लोगों ने इस दरवाजे का विरोध किया, तो निजामुद्दीन अपने परिजनों और अन्य लोगों के साथ मौके पर पहुंच गया। आरोप है कि उसने विरोध करने वालों के साथ मारपीट शुरू कर दी, जिसमें वसीम के भाई के सिर पर गंभीर चोट आई। सूचना मिलने पर डायल-112 पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया। पीड़ित पक्ष ने देहली गेट थाने में निजामुद्दीन, उसके परिजनों और अन्य लोगों के खिलाफ नामजद तहरीर दी है। हालांकि, देर शाम तक मुकदमा दर्ज नहीं किया गया, जिससे स्थानीय लोगों में नाराजगी है। मोहल्ले के लोगों ने पुलिस पर निष्पक्ष कार्रवाई न करने का आरोप लगाया है और चेतावनी दी है कि यदि आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज नहीं किया गया तो वे वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कार्यालय पर प्रदर्शन करेंगे। इस संबंध में पुलिस का कहना है कि उन्हें दोनों पक्षों के बीच विवाद की सूचना मिली है। मामले की जांच की जा रही है और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Source link
मेरठ में गली में दरवाजा खोलने पर विवाद:विरोध करने पर मारपीट, युवक घायल; पुलिस पर कार्रवाई न करने का आरोप