मेरठ में अंगूठी के आकार में बनेगा ज्वेलरी पार्क:कारीगरों, व्यापारियों और शोरूम संचालकों को मिलेंगी आधुनिक सुविधाएं


मेरठ बुलियन ट्रेडर्स एसोसिएशन की ओर से आईएमए हॉल में आयोजित बैठक में प्रस्तावित ज्वेलरी पार्क और फ्लैटेड फैक्ट्री प्रोजेक्ट का प्रेजेंटेशन दिया गया। इस दौरान व्यापारियों और अधिकारियों को बताया गया कि वेदव्यासपुरी में बनने वाला यह ज्वेलरी पार्क मेरठ के सर्राफा कारोबार को एक नई पहचान देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम होगा। प्रस्तावित ज्वेलरी पार्क मेरठ को सर्राफा कारोबार की पहचान और विरासत का प्रतीक बनाने की तैयारी है। मेरठ जेम्स एंड ज्वेलरी फेडरेशन की ओर से जारी जानकारी में बताया गया कि पार्क का डिजाइन आभूषण उद्योग की कला, संस्कृति और परंपरा को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है। फेडरेशन के अनुसार, ज्वेलरी पार्क का पूरा लेआउट ऊपर से देखने पर एक भव्य अंगूठी (रिंग) के आकार में नजर आएगा। यह डिजाइन व्यापार की मजबूती, एकता और शाश्वत संबंधों का प्रतीक होगा। वहीं पार्क का मुख्य प्रवेश द्वार झुमकी के स्वरूप में बनाया जाएगा, जो मेरठ की ज्वेलरी कारीगरी और पहचान को दर्शाएगा। राज्यसभा सांसद डॉ. लक्ष्मीकांत वाजपेयी ने कहा कि प्रस्तुत डिजाइन अद्वितीय है और यह प्रोजेक्ट मेरठ को देश-दुनिया के ज्वेलरी मानचित्र पर नई पहचान देगा। वहीं मेरठ विकास प्राधिकरण के सचिव अर्पित गुप्ता ने इसे भारत का पहला ऐसा प्रोजेक्ट बताते हुए कहा कि जल्द डीपीआर तैयार कर आगे की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। प्रेजेंटेशन में बताया गया कि पार्क में ज्वेलरी निर्माण से जुड़े कारीगरों, व्यापारियों, थोक विक्रेताओं और शोरूम संचालकों के लिए एक ही जगह में आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। इसके साथ ही कॉन्फ्रेंस हॉल, ज्वेलरी म्यूजियम, बैंक, बुलियन ट्रेडिंग डेस्क, कैफेटेरिया और अन्य सुविधाओं का भी प्रावधान रखा गया है। प्रोजेक्ट को GRIHA 5-स्टार ग्रीन रेटिंग मानकों के अनुरूप विकसित किया जाएगा। इसमें सोलर पैनल, रेन वाटर हार्वेस्टिंग, ऊर्जा बचाने वाले ग्लास और जीरो-वेस्ट प्रबंधन जैसी सुविधाएं शामिल होंगी। व्यापारियों के सवालों के जवाब में प्रोजेक्ट से जुड़े अधिकारियों ने बताया कि कारीगरों और छोटे कारोबारियों के लिए यूनिट की कीमत करीब ₹5 हजार प्रति वर्गफीट से शुरू होगी, जबकि प्रीमियम स्पेस की कीमत ₹20 हजार प्रति वर्गफीट तक रहेगी। मॉड्यूलर डिजाइन के कारण जरूरत के अनुसार यूनिट का आकार बढ़ाया या घटाया जा सकेगा। कारीगरों के आवास के बारे में एमडीए सचिव ने बताया कि परियोजना के आसपास एमआईजी हाउसिंग और प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत आवासीय सुविधाएं विकसित करने का प्रयास किया जाएगा। प्रेजेंटेशन के बाद व्यापारियों ने फायर सेफ्टी, मेंटेनेंस, प्रदूषण नियंत्रण और बुनियादी सुविधाओं को लेकर सवाल पूछे, जिनका विस्तार से जवाब दिया गया। कार्यक्रम के अंत में अध्यक्ष प्रदीप अग्रवाल ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया। आयोजन में सर्राफा कारोबार से जुड़े बड़ी संख्या में व्यापारी और उद्योग प्रतिनिधि मौजूद रहे। फेडरेशन के पदाधिकारियों का मानना है कि ज्वेलरी पार्क भविष्य में मेरठ को देश के प्रमुख ज्वेलरी हब के रूप में स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *