मेरठ पुलिस ने सीरियाई महिला को संदिग्ध मानकर रोका:मेडिकल वीजा पर आई महिला से घंटों पूछताछ, फिर दिल्ली भेजा


मेरठ में एक सीरियाई महिला को संदिग्ध मानकर पुलिस ने घंटों तक थाने में बैठाए रखा। महिला मेडिकल वीजा पर भारत आई थी। वह लगातार अपनी पहचान और भारत आने का उद्देश्य बताती रही, लेकिन पुलिस और अन्य एजेंसियां उसके दस्तावेजों की जांच में जुटी रहीं। वरिष्ठ अधिकारियों के हस्तक्षेप के बाद जांच प्रक्रिया पूरी हुई और महिला को दिल्ली भेज दिया गया। जानकारी के अनुसार, नौचंदी थाना क्षेत्र में एक मस्जिद के पास एक विदेशी महिला हाथ में मदद की अपील वाला पोस्टर लेकर घूम रही थी। स्थानीय लोगों ने उसे संदिग्ध परिस्थितियों में देखकर पुलिस को सूचना दी। नौचंदी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और महिला को थाने ले आई। पुलिस पूछताछ में महिला ने बताया कि वह सीरिया की निवासी है और अपने पति के इलाज के लिए मेडिकल वीजा पर भारत आई है। उसके पास वैध पासपोर्ट, मेडिकल वीजा और अन्य आवश्यक दस्तावेज भी थे। इसके बावजूद पुलिस ने उसकी पहचान और भारत में उसकी उपस्थिति के संबंध में विस्तृत सत्यापन प्रक्रिया शुरू की। सूत्रों के मुताबिक, महिला को कई घंटों तक थाने में रखा गया। इस दौरान वह दिल्ली पहुंचाने और सहायता उपलब्ध कराने की गुहार लगाती रही। पुलिस और संबंधित एजेंसियां उसके दस्तावेजों के सत्यापन और पूछताछ में व्यस्त रहीं। बाद में यह मामला उच्चाधिकारियों के संज्ञान में आया, जिसके बाद आवश्यक समन्वय स्थापित किया गया। जांच में सामने आया कि महिला अपने पति के उपचार के लिए भारत आई थी। उसके पति के पैर में गंभीर चोट लगी थी, जिसके इलाज के लिए उसे भारत आने की सलाह दी गई थी। आर्थिक तंगी के कारण महिला सहायता की तलाश में थी। इसी क्रम में, किसी व्यक्ति के कहने पर वह दिल्ली से मेरठ पहुंच गई और लोगों से मदद मांगने लगी। सभी आवश्यक औपचारिकताएं और सत्यापन प्रक्रिया पूरी होने के बाद, शनिवार को महिला को दिल्ली के लिए रवाना कर दिया गया। एसपी सिटी विनायक गोपाल भोसले ने बताया कि विदेशी महिला मिलने की सूचना पर पुलिस ने नियमानुसार पूछताछ और दस्तावेजों का सत्यापन किया था। जांच में महिला के मेडिकल वीजा पर भारत आने की पुष्टि हुई, जिसके बाद आवश्यक कार्रवाई करते हुए उसे दिल्ली भेज दिया गया।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *