![]()
मेरठ के देहली गेट थाना क्षेत्र में एक बंगाली कारीगर ने पुलिस पर हिरासत में मारपीट और थर्ड डिग्री देने का गंभीर आरोप लगाया है। कारीगर का कहना है कि उसे एक मामले में पूछताछ के लिए चौकी बुलाया गया था, जहां फरार आरोपी से सोना बरामद कराने का दबाव बनाया गया। जानकारी से इनकार करने पर उसके साथ बेरहमी से मारपीट की गई, जिससे उसकी हालत बिगड़ गई और उसे मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराना पड़ा। पीड़ित पक्ष ने एसएसपी से निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग की है। ब्रह्मपुरी की मास्टर कॉलोनी निवासी सोनाली ने एसएसपी को दिए शिकायती पत्र में बताया कि उसका भाई संदीप दिनकर गायकवाड पेशे से बंगाली कारीगर है और एक ज्वैलर्स के यहां काम करता है। आरोप है कि 18 जुलाई की शाम जाटव गेट चौकी पर तैनात एक पुलिसकर्मी ने फोन कर उसे पूछताछ के लिए चौकी बुलाया था। शिकायत के अनुसार, चौकी पहुंचने पर संदीप से एक ऐसे व्यक्ति के बारे में पूछताछ की गई, जिस पर सोना लेकर फरार होने का आरोप है। परिजनों का दावा है कि संदीप का उस मामले से कोई संबंध नहीं है और उसने आरोपी के बारे में जानकारी होने से इनकार कर दिया। इसके बाद पुलिसकर्मियों ने कथित तौर पर उसके साथ मारपीट की, जिससे उसकी तबीयत बिगड़ गई। परिजनों ने बताया कि संदीप की हालत गंभीर होने पर उसे मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया। उनका यह भी आरोप है कि घटना के बाद उन्हें शिकायत न करने के लिए दबाव बनाया जा रहा है। पीड़िता सोनाली ने एसएसपी अविनाश पांडेय को शिकायती पत्र सौंपकर पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने, आरोपित पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई करने और दोषियों पर सख्त कदम उठाने की मांग की है। फिलहाल इस मामले में पुलिस का आधिकारिक पक्ष सामने नहीं आया है। एसएसपी कार्यालय को शिकायत मिलने के बाद पूरे प्रकरण की जांच शुरू कर दी गई है। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Source link
मेरठमें बंगाली कारीगर ने पुलिस पर थर्ड डिग्री का आरोप:मेडिकल कॉलेज में भर्ती; एसएसपी से कार्रवाई की मांग