मेडिकल कॉलेज में विश्व पर्यावरण दिवस पर वृक्षारोपण:प्लास्टिक बहिष्कार और जल संरक्षण का दिया संदेश


शुक्रवार को मेडिकल कॉलेज मेरठ के मेडिसिन विभाग में विश्व पर्यावरण दिवस पूरे उत्साह और संकल्प के साथ मनाया गया। इस दौरान वृक्षारोपण और पर्यावरण संरक्षण को लेकर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्राचार्य डॉ. आर.सी. गुप्ता ने बताया कि संयुक्त राष्ट्र द्वारा इस वैश्विक कार्यक्रम की शुरुआत वर्ष 1973 में की गई थी। इसका मुख्य उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाना और जलवायु परिवर्तन व प्रदूषण जैसी गंभीर चुनौतियों से निपटना है। उन्होंने बताया कि इस वर्ष विश्व पर्यावरण दिवस की थीम “प्रकृति से प्रेरित, जलवायु के लिए, हमारे भविष्य के लिए” रखी गई है। उन्होंने कहा कि यह थीम हमें याद दिलाती है कि स्वस्थ पर्यावरण के बिना मानव अस्तित्व की कल्पना नहीं की जा सकती। आधुनिक युग में औद्योगिकीकरण और वनों की कटाई के कारण पर्यावरण को जो नुकसान पहुंचा है, उसकी भरपाई के लिए सामूहिक प्रयास बेहद आवश्यक हैं। मेडिसिन विभागाध्यक्ष डॉ. अरविंद कुमार ने सभी से अधिक से अधिक पौधे लगाने और पेड़ों की कटाई रोकने की अपील की। उन्होंने कहा कि जल संरक्षण को बढ़ावा देना, प्लास्टिक का बहिष्कार करना, अपने आसपास स्वच्छता बनाए रखना और ऊर्जा की बचत करना समय की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल सरकार या किसी एक संस्था का दायित्व नहीं, बल्कि हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। कार्यक्रम में मौजूद सभी लोगों ने संकल्प लिया कि वे प्राकृतिक संसाधनों का समझदारी के साथ उपयोग करेंगे। इस अवसर पर सरदार वल्लभभाई पटेल अस्पताल के प्रमुख अधीक्षक डॉ. धीरज बालियान, मुख्य अधीक्षक डॉ. अजीत चौधरी, विभिन्न विभागों के विभागाध्यक्ष डॉ. गौरव गुप्ता, डॉ. विजय जायसवाल, डॉ. शकुन सिंह, डॉ. अनुपम वर्मा, डॉ. अनामिका शर्मा, डॉ. अनुज त्यागी, डॉ. लोकेश कुमार सिंह, डॉ. नेहा सिंह, डॉ. अभिषेक कुमार सिंह, डॉ. स्नेहलता वर्मा, डॉ. अमरजीत सिंह, सीनियर व जूनियर रेजिडेंट, विद्यार्थी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *