![]()
कौशांबी के सरसवां विकासखंड की ग्राम पंचायत अंधावा में मूलभूत सुविधाओं की कमी से ग्रामीण नाराज हैं। शनिवार दोपहर 3 बजे सैकड़ों ग्रामीणों ने DM को एक शिकायत पत्र सौंपा। इसमें उन्होंने गांव की समस्याओं की जांच कराने और जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की मांग की है। ग्रामीणों का आरोप है कि अंधावा ग्राम सभा के गुरु दयाल बाबा डेरा में लंबे समय से सड़क और नाली नहीं बनी है। रास्ते खराब हैं और पानी निकलने की कोई व्यवस्था नहीं है। इससे बारिश के दौरान ग्रामीणों को जलभराव की समस्या झेलनी पड़ती है। ग्रामीणों ने बताया कि गांव में अनुसूचित जाति के कई परिवार आज भी कच्चे मकानों में रहते हैं। शिकायत में ग्रामीणों ने यह भी कहा कि बारिश में कुछ कच्चे मकान गिर गए थे। इसके बावजूद, पात्र परिवारों को प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ नहीं मिला है। ग्रामीणों के अनुसार, गांव की गलियों में स्ट्रीट लाइट की सही व्यवस्था नहीं है। शाम होते ही कई जगहों पर अंधेरा छा जाता है। मुख्य संपर्क मार्ग की हालत भी खराब है। नालियों की ठीक व्यवस्था न होने से गंदा पानी रास्तों पर जमा रहता है। शिकायत में ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया है कि राशन, पेंशन और दूसरी सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक नहीं पहुंच रहा है। गांव में नियमित साफ-सफाई भी नहीं होती है। ग्रामीणों का कहना है कि उन्होंने अपनी समस्याओं के लिए ग्राम प्रधान से कई बार शिकायत की। लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद ग्रामीणों ने जिलाधिकारी से इस मामले में जांच की मांग की है। ग्रामीणों ने जिलाधिकारी से मांग की है कि पूरे मामले की मौके पर जांच कराई जाए। साथ ही सड़क, नाली, बिजली, साफ-सफाई और आवास जैसी समस्याओं का समाधान किया जाए। उन्होंने यह भी कहा कि पात्र लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए जाएं। शिकायत पत्र पर कई ग्रामीणों के दस्तखत भी हैं। प्रदर्शन के दौरान विकास कुमार, नरेंद्र कुमार, शिवकुमार, रामसजीवन, भूपेंद्र, कमलेश, राम विशाल और प्रदीप सहित कई महिलाएं भी मौजूद थीं।
Source link
मूलभूत सुविधा न होने पर ग्रामीणों का प्रदर्शन:डीएम ऑफिस के बाहर बैठे सैकड़ों लोग, सरकारी योजनाओं का लाभ नहीं मिल रहा