मुरादाबाद में मकान के किचन में लगी आग:लोगों ने जलते हुए सिलेंडर को बोरी से बुझाया,सामान जलकर राख


मुरादाबाद के मझोला थाना क्षेत्र की काशीराम कॉलोनी में गुरुवार सुबह रसोई गैस सिलेंडर में रिसाव होने से एक घर में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया, जिससे घर में अफरा-तफरी मच गई। हालांकि स्थानीय लोगों की तत्परता और सूझबूझ के चलते समय रहते आग पर काबू पा लिया गया और एक बड़ा हादसा टल गया। घटना में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन रसोई का सामान पूरी तरह जलकर नष्ट हो गया। जानकारी के अनुसार काशीराम कॉलोनी निवासी महेंद्र की पत्नी सुबह करीब साढ़े सात बजे रसोई में खाना बना रही थीं। इसी दौरान गैस सिलेंडर से रिसाव शुरू हो गया और अचानक आग भड़क उठी। सिलेंडर को आग की लपटों में घिरा देख वह घबरा गईं और शोर मचाते हुए घर से बाहर निकल आईं। चीख-पुकार सुन जुटे पड़ोसी महिला की आवाज सुनकर आसपास के लोग तुरंत मौके पर पहुंच गए। आग की भयावहता को देखते हुए लोगों ने बिना समय गंवाए राहत कार्य शुरू कर दिया। स्थानीय लोगों ने एक बोरी को पानी में भिगोकर जलते हुए सिलेंडर के ऊपर डाल दिया, जिससे ऑक्सीजन की आपूर्ति रुक गई और आग पर नियंत्रण पा लिया गया। सिलेंडर में कम गैस होने से टला बड़ा हादसा प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक सिलेंडर में गैस की मात्रा काफी कम बची हुई थी। इसी वजह से आग ज्यादा नहीं फैल सकी और उसे जल्द बुझा लिया गया। लोगों का कहना है कि यदि सिलेंडर में अधिक गैस होती तो विस्फोट जैसी गंभीर घटना हो सकती थी, जिससे बड़ा नुकसान होने की आशंका थी। रसोई का सामान जलकर हुआ राख हालांकि इस घटना में किसी व्यक्ति के घायल होने की सूचना नहीं है, लेकिन रसोई में रखा घरेलू सामान पूरी तरह जलकर नष्ट हो गया। पीड़ित परिवार को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा है। घटना के बाद परिवार के साथ-साथ पूरी कॉलोनी में दहशत का माहौल बना रहा। स्थानीय लोगों ने गैस सिलेंडर और पाइप की नियमित जांच कराने तथा किसी भी प्रकार के रिसाव की स्थिति में तुरंत सावधानी बरतने की अपील की है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *