![]()
मुरादाबाद के परिषदीय विद्यालयों में पढ़ने वाले छात्र, शिक्षक और अभिभावक अब मानसिक तनाव या अन्य मानसिक स्वास्थ्य समस्याओं के लिए विशेषज्ञों से आसानी से सलाह ले सकेंगे। इसके लिए बेसिक शिक्षा विभाग ने सभी स्कूलों में ‘टेली-मानस’ हेल्पलाइन और मोबाइल ऐप की जानकारी पहुंचाने के निर्देश दिए हैं। राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग के निर्देश पर शुरू की गई इस पहल का मकसद मानसिक स्वास्थ्य से जुड़ी समस्याओं से जूझ रहे लोगों को समय पर और गोपनीय तरीके से विशेषज्ञों की सलाह उपलब्ध कराना है। विभाग चाहता है कि ज्यादा से ज्यादा लोग इस सुविधा का फायदा उठाएं। बढ़ती प्रतिस्पर्धा से बढ़ रही मानसिक परेशानी बेसिक शिक्षा अधिकारी अमित सिंह ने बताया कि आज के समय में बढ़ती प्रतिस्पर्धा के कारण मानसिक स्वास्थ्य एक बड़ी चुनौती बनता जा रहा है। इसका असर सिर्फ बच्चों पर ही नहीं, बल्कि शिक्षकों और अभिभावकों पर भी पड़ रहा है। ऐसे में समय पर सही सलाह और काउंसिलिंग मिलना बेहद जरूरी है। हेल्पलाइन और ऐप से मिलेगी विशेषज्ञों की सलाह जिला समन्वयक तारा सिंह ने बताया कि ‘टेली-मानस’ सेवा के जरिए मानसिक तनाव, चिंता, अवसाद और दूसरी मनोवैज्ञानिक समस्याओं से जूझ रहे लोगों को पूरी गोपनीयता के साथ विशेषज्ञों की सलाह दी जाएगी। इसके लिए टोल फ्री हेल्पलाइन नंबर 14416 या 1800-89-14416 पर संपर्क किया जा सकता है। एंड्रॉयड और आईओएस मोबाइल पर ‘टेली-मानस’ ऐप डाउनलोड कर भी सीधे विशेषज्ञों से परामर्श लिया जा सकता है। हर स्कूल तक पहुंचाई जाएगी जानकारी बीएसए कार्यालय ने सभी खंड शिक्षा अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि इस योजना की जानकारी जिले के हर परिषदीय विद्यालय तक पहुंचाई जाए। विभाग का उद्देश्य है कि अधिक से अधिक छात्र, शिक्षक और अभिभावक इस सुविधा का लाभ उठाकर जरूरत पड़ने पर समय रहते मानसिक स्वास्थ्य संबंधी परामर्श ले सकें।
Source link
मुरादाबाद के परिषदीय स्कूलों में मानसिक स्वास्थ्य पहल:मुरादाबाद में 'टेली-मानस' हेल्पलाइन, ऐप से घर बैठे मिलेगा समाधान