![]()
कानपुर में घाटमपुर थाना क्षेत्र के मुगल रोड स्थित ब्लॉक के पास तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार किशोर को टक्कर मार दी। हादसे में 13 वर्षीय विवेक की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, पास में पैदल दौड़ लगा रहा 15 वर्षीय प्रिंस भी ट्रक की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल प्रिंस को एंबुलेंस से घाटमपुर सीएचसी पहुंचाया। यहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसे कानपुर जिला अस्पताल (उर्सला) रेफर कर दिया। बाइक के परखच्चे उड़े, मौके पर हुई मौत घाटमपुर नगर के शिवपुरी पूर्वी मोहल्ला निवासी विनोद कुमार का 13 वर्षीय बेटा विवेक बाइक चला रहा था। इसी दौरान दीना मार्केट निवासी बृजेंद्र का 15 वर्षीय बेटा प्रिंस ब्लॉक के पास पैदल दौड़ लगा रहा था। इसी बीच तेज रफ्तार ट्रक ने विवेक की बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे में विवेक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वहीं, दौड़ लगा रहा प्रिंस भी ट्रक की चपेट में आकर घायल हो गया। पुलिस ने उसे तत्काल अस्पताल पहुंचाया। दो बहनों के बीच इकलौता बेटा था विवेक विवेक की मौत की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। अस्पताल पहुंचे परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजनों ने बताया कि विवेक दो बहनों के बीच माता-पिता का इकलौता बेटा था। बेटे की मौत से मां-बाप का बुरा हाल है। पुलिस ने ट्रक कब्जे में लिया घाटमपुर पुलिस ने ट्रक को कब्जे में ले लिया है। परिजनों को घटना की सूचना देने के बाद विवेक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। घाटमपुर इंस्पेक्टर मनोज सिंह भदौरिया ने बताया कि घायल किशोर को अस्पताल पहुंचाया गया है। ट्रक को कब्जे में लेकर शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है। तहरीर मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Source link
ट्रक ने बाइक सवार किशोर को मारी टक्कर, मौत:घर का इकलौता बेटा था, दौड़ लगा रहा 15 साल का किशोर घायल