![]()
मुजफ्फरनगर में शुक्रवार रात कई पेपर मिलों के ऊपर अज्ञात ड्रोन मंडराते देखे गए। भोपा रोड, जौली रोड और जानसठ रोड स्थित इन मिलों पर एक ही समय में ड्रोन की गतिविधियों ने औद्योगिक सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है। जिले में बिना अनुमति ड्रोन उड़ाना प्रतिबंधित है। पेपर मिल एसोसिएशन के अनुसार, बिंदलास डुप्लेक्स, बिंदल पेपर मिल, अग्रवाल डुप्लेक्स और कृष्णांचल पेपर मिल सहित कई प्रतिष्ठानों पर ये ड्रोन देखे गए। मिलों के सुरक्षाकर्मियों ने ड्रोन की गतिविधियों को मोबाइल कैमरों में रिकॉर्ड किया। उन्होंने ड्रोन उड़ाने वाले संदिग्धों का पीछा भी किया। बताया गया कि दो बाइकों और एक बुलेरो में सवार संदिग्ध मौके के आसपास देखे गए थे। हालांकि, वे अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए। इस घटना ने औद्योगिक जासूसी, सुरक्षा में सेंध और किसी बड़ी साजिश की आशंकाओं को जन्म दिया है। उत्तर प्रदेश पेपर मिल एसोसिएशन के अध्यक्ष पंकज अग्रवाल ने इसे गंभीर बताते हुए स्थानीय, राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़ी चिंता व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि किसी भी विभाग ने आधिकारिक ड्रोन ऑपरेशन से इनकार किया है, जिससे सवाल उठता है कि ये ड्रोन कौन और किस मकसद से उड़ा रहा था। कृष्णांचल पेपर मिल के मालिक मनीष भाटिया ने बताया कि ड्रोन दिखते ही पुलिस को सूचना दी गई। स्थानीय पुलिस रात में मौके पर पहुंची, लेकिन तत्काल कोई सुराग नहीं मिल सका। सीओ नई मंडी राजू कुमार साव ने पुष्टि की है कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है और ड्रोन ऑपरेशन के पीछे की मंशा खंगाली जा रही है।
Source link
मुजफ्फरनगर में पेपर मिलों पर मंडराए ड्रोन:औद्योगिक जासूसी की आशंका पर जांच शुरू, सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट