मुख्यमंत्री योगी के दौरे को लेकर तैयारी शुरु:₹550 करोड़ की योजनाओं का करेंगे लोकार्पण, पुरातत्व विभाग की प्रदर्शनी लगेगी


उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 18 जुलाई को एक दिवसीय दौरे पर संभल जनपद पहुंचेंगे। इस दौरान वे जिला मुख्यालय बहजोई के आनंदपुर गांव स्थित पुलिस लाइन के निर्माणाधीन भवन के मैदान में आयोजित कार्यक्रम में संभल और चंदौसी विधानसभा क्षेत्रों की लगभग ₹550 करोड़ की विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे। मुख्यमंत्री के कार्यक्रम की जानकारी मिलते ही बुधवार रात से ही तैयारियां शुरू कर दी गई थीं। गुरुवार दोपहर तक पंडाल का सामान कार्यक्रम स्थल पर पहुंचना शुरू हो गया था। प्रशासनिक अमला पूरी तरह से तैयारियों में जुट गया है। गुरुवार शाम 4 बजे जिलाधिकारी अंकित खंडेलवाल और पुलिस अधीक्षक कृष्ण कुमार बिश्नोई ने कार्यक्रम स्थल और सभा स्थल पर तैयारियों का जायजा लिया। इस दौरान एडीएम सत्यप्रिय सिंह, सीडीओ गोरखनाथ भट्ट सहित अन्य जिला स्तरीय अधिकारी भी मौजूद रहे। मुख्यमंत्री का निर्धारित कार्यक्रम इस प्रकार है: वे दोपहर 3 बजे हेलीकॉप्टर से संभल मुख्यालय पहुंचेंगे और 3:10 बजे कार्यक्रम स्थल पर पहुंचेंगे। 3:15 बजे वे संभल और चंदौसी विधानसभा के विकास कार्यों का लोकार्पण एवं शिलान्यास कर जनसभा को संबोधित करेंगे। इसके बाद, वे 4:15 बजे बरेली के लिए रवाना हो जाएंगे। जिलाधिकारी अंकित खंडेलवाल ने बताया कि संभल और चंदौसी विधानसभा क्षेत्रों के लिए लगभग 60 से अधिक परियोजनाएं, जिनकी कुल लागत लगभग ₹550 करोड़ है, लोकार्पण और शिलान्यास के लिए प्रस्तावित हैं। उन्होंने पुष्टि की कि मुख्यमंत्री का आगमन 18 जुलाई को दोपहर 3 बजे सुनिश्चित हुआ है और इसे लेकर सभी व्यवस्थाएं की जा रही हैं। डीएम ने बताया कि कार्यक्रम स्थल पर एनआरएलएम और कुछ अन्य विभागों की प्रदर्शनियां लगाई जाएंगी। इसके अतिरिक्त, पुरातत्व विभाग द्वारा यहां के कलाकृतियों की प्रदर्शनी और पर्यटन विभाग की प्रदर्शनी भी आयोजित की जाएगी। इन परियोजनाओं में संभल की कल्कि नगरी के 68 तीर्थों और 19 कूपों की 24 कोसीय परिक्रमा की ₹350 करोड़ की परियोजना भी शामिल है। कुल ₹550 करोड़ से अधिक की 60 से अधिक परियोजनाओं में पर्यटन विभाग और 15वें वित्त आयोग से जीर्णोद्धार किए जा रहे तीर्थ स्थल भी शामिल हैं।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *