मानसून की पहली तेज बारिश में डूबा कानपुर देहात:सड़कों से सरकारी दफ्तरों तक भरा पानी, जलभराव से बढ़ीं मुश्किलें


कानपुर देहात में मानसून पूरी तरह सक्रिय हो गया है। बुधवार सुबह 9 बजे से शुरू हुई तेज बारिश के कारण पुखरायां, अकबरपुर सहित जिले के कई इलाकों में जलभराव की स्थिति उत्पन्न हो गई। सड़कों से लेकर सरकारी कार्यालयों तक पानी भर जाने से आम जनजीवन प्रभावित हुआ। बुधवार सुबह से ही आसमान घने बादलों से घिरा रहा। जिले के विभिन्न क्षेत्रों में कहीं तेज तो कहीं रुक-रुक कर बारिश होती रही। पुखरायां और अकबरपुर जैसे शहरी क्षेत्रों के साथ-साथ ग्रामीण इलाकों की सड़कों पर भी पानी भर गया। सबसे अधिक परेशानी पुखरायां कस्बे में देखी गई, जहां नगर पालिका कार्यालय परिसर पूरी तरह पानी में डूब गया। हर साल की तरह इस बार भी पालिका परिसर में जलभराव होने से स्थानीय व्यवस्थाओं पर सवाल उठने लगे हैं। मुख्य सड़कों और गलियों में घुटनों तक पानी भर जाने से लोगों को आवागमन में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। सड़क किनारे बनी दुकानों तक बारिश का पानी पहुंचने से दुकानदारों को भी नुकसान झेलना पड़ा। जलभराव के कारण दोपहिया और चारपहिया वाहनों की रफ्तार थम गई, जिससे यातायात प्रभावित हुआ और लोगों को अपने गंतव्य तक पहुंचने में मुश्किल हुई। लगातार हो रही इस बारिश ने प्रशासन के उन दावों की पोल खोल दी, जिनमें मानसून से पहले नालों और जल निकासी व्यवस्था को दुरुस्त करने की बात कही गई थी। बारिश शुरू होते ही कई नाले उफनाकर सड़कों पर बहने लगे, जिससे जल निकासी की व्यवस्था नाकाफी साबित हुई। अब स्थानीय लोग जलभराव की समस्या के स्थायी समाधान की मांग कर रहे हैं।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *