![]()
महोबा में एक युवक द्वारा अवैध तमंचे के साथ बनाई गई रील सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद हड़कंप मच गया है। वायरल वीडियो में युवक मंदिर परिसर के भीतर तमंचा लहराते हुए दिखाई दे रहा है। उसने जमीन विवाद को लेकर हत्या करने और खुद को गोली मारने की धमकी भी दी है। शहर कोतवाली क्षेत्र के डहर्रा गांव निवासी छुट्टन वर्मा ने अपनी फेसबुक आईडी पर तमंचे के साथ कई रील पोस्ट की हैं। इनमें से एक रील में वह पीतांबरा माई मंदिर के भीतर फिल्मी गाने पर तमंचा लहराते हुए नजर आ रहा है। वीडियो में उसने भू-माफिया पर जमीन कब्जाने का आरोप लगाते हुए गोली मारने और उसके बाद खुद को भी गोली मारने की बात कही है। प्रशासन और सरकार को दी चुनौती एक अन्य रील में युवक ने महोबा जिला प्रशासन और उत्तर प्रदेश सरकार को चुनौती देते हुए आरोप लगाया कि वर्ष 2021 से उसकी जमीन पर कथित रूप से बृजराज सिंह ठाकुर ने अवैध कब्जा कर रखा है, लेकिन प्रशासन उसे न्याय नहीं दिला सका। जमीन खाली होने पर आत्मसमर्पण की बात युवक ने वीडियो में कहा कि यदि शासन-प्रशासन उसकी जमीन खाली करा देता है तो वह स्वयं आत्मसमर्पण कर देगा। रील के अंत में उसने ‘भरत तिवारी जिंदाबाद’ का नारा भी लिखा है। अवैध हथियार का खुलेआम प्रदर्शन और हत्या जैसी धमकियों वाले वीडियो के वायरल होने के बाद कानून-व्यवस्था को लेकर सवाल उठ रहे हैं। युवक ने कथित तौर पर बृजराज ठाकुर को जान से मारने और उसके बाद आत्महत्या करने की धमकी दी है। फिलहाल वायरल वीडियो को लेकर महोबा पुलिस की ओर से आगे की कार्रवाई का इंतजार है।
Source link
महोबा में युवक ने मंदिर में लहराया तमंचा:जमीन खाली कराने की मांग, कहा- कार्रवाई हुई तो कर दूंगा आत्मसमर्पण