![]()
मैनपुरी में रविवार को पल्स पोलियो अभियान का शुभारंभ किया गया। जिलाधिकारी डॉ. इंद्रमणि त्रिपाठी ने आयुष्मान आरोग्य मंदिर नगरीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र हिन्दपुरम से इस अभियान की शुरुआत की। उन्होंने छह माह की बच्ची नव्या और उसकी माता शालिनी से फीता कटवाकर अभियान का उद्घाटन कराया। इसके बाद, जिलाधिकारी ने स्वयं शून्य से पांच वर्ष तक के बच्चों को ‘दो बूंद जिंदगी की’ पिलाकर अभियान की औपचारिक शुरुआत की। इस अवसर पर जिलाधिकारी ने बताया कि भारत पोलियो जैसी गंभीर बीमारी से मुक्त हो चुका है। हालांकि, दुनिया के कुछ देशों में अभी भी पोलियो वायरस मौजूद है, जिससे इसके दोबारा देश में प्रवेश करने का खतरा बना हुआ है। इसलिए, प्रत्येक चरण में जन्म से पांच वर्ष तक के सभी बच्चों को पोलियो की दवा पिलाना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने जनपदवासियों से अपील की कि सभी अभिभावक अपने बच्चों को नजदीकी पोलियो बूथ पर ले जाकर पोलियो ड्रॉप अवश्य पिलाएं, ताकि उन्हें इस गंभीर बीमारी से सुरक्षित रखा जा सके। डीएम ने बच्चों को आजीवन अपंगता से बचाने के लिए पूरे समाज की भागीदारी को आवश्यक बताया। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि अभियान के दौरान कोई भी लक्षित बच्चा पोलियो की खुराक से वंचित न रहे। विशेष रूप से ईंट-भट्ठों पर रहने वाले परिवारों और घुमंतू समुदाय के बच्चों तक टीमों की पहुंच सुनिश्चित की जाए। जिलाधिकारी ने याद दिलाया कि एक समय पोलियो के कारण हजारों लोग जीवनभर दूसरों पर निर्भर रहने को मजबूर हो जाते थे। लगातार चलाए गए पोलियो उन्मूलन अभियान के परिणामस्वरूप ही भारत इस बीमारी से मुक्त हो सका है। फिर भी, पूरी सतर्कता बनाए रखना और अभियान को सफल बनाना बेहद जरूरी है। कार्यक्रम के दौरान, जिलाधिकारी ने छह माह की आयु पूरी कर चुके बच्चों को अन्नप्राशन योजना के तहत ऊपरी आहार भी खिलाया। उन्होंने अभिभावकों से बच्चों को संतुलित एवं पौष्टिक आहार देने की अपील करते हुए कहा कि स्वस्थ और पोषित बच्चे ही देश का बेहतर भविष्य हैं तथा कुपोषण को समाप्त करने में सभी की भूमिका महत्वपूर्ण है। मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. आर.सी. गुप्ता ने बताया कि जनपद में शून्य से पांच वर्ष तक के 3,57,859 बच्चों को पोलियो ड्रॉप पिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके लिए 1044 पोलियो बूथ बनाए गए हैं, जबकि 2838 टीमें घर-घर जाकर बच्चों को दवा पिलाएंगी। अभियान में एएनएम, आशा, आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियों सहित विभिन्न विभागों के कर्मचारियों की संयुक्त टीमें लगाई गई हैं। कार्यक्रम में स्वास्थ्य विभाग एवं बाल विकास विभाग के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
Source link
पल्स पोलियो अभियान शुरू, हर बच्चे तक जीवन रक्षक खुराक:डीएम ने छह माह की बच्ची से फीता कटवाकर किया पल्स पोलियो अभियान का शुभारंभ