![]()
महोबा पुलिस ने ‘ऑपरेशन मुस्कान’ के तहत तीन साल तीन महीने से लापता एक नाबालिग बच्चे को हरियाणा के पानीपत से सकुशल बरामद किया है। महोबकंठ और एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट (एएचटीयू) की संयुक्त टीम ने यह सफलता हासिल की। महोबकंठ थाना क्षेत्र के रूरी कलां गांव निवासी खूबचंद्र पाल का 16 वर्षीय बेटा विपेंद्र उर्फ विपिन 16 मार्च 2023 को घर से लापता हो गया था। परिवार तब से उसकी तलाश कर रहा था। पुलिस अधीक्षक शशांक सिंह के निर्देश और अपर पुलिस अधीक्षक वंदना सिंह के नेतृत्व में जनपद में गुमशुदा बच्चों की तलाश के लिए ‘ऑपरेशन मुस्कान’ चलाया जा रहा है।
इसी अभियान के तहत महोबकंठ पुलिस और एएचटीयू की संयुक्त टीम विपिन की तलाश में जुटी थी। बच्चे के पास मोबाइल फोन न होने के कारण उसकी तलाश एक बड़ी चुनौती थी। सटीक मुखबिरी और इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों के आधार पर पुलिस को जानकारी मिली कि बालक हरियाणा के पानीपत में है। एएचटीयू प्रभारी निरीक्षक अवधेश कुमार मिश्र के नेतृत्व में एक टीम को तुरंत हरियाणा भेजा गया। पानीपत में गहन छानबीन के दौरान पता चला कि विपिन पिछले दो साल से एक फेरीवाले परिवार के साथ रह रहा था। पुलिस ने 3 जून 2026 को बालक को सकुशल बरामद कर लिया। पूछताछ में विपिन ने बताया कि वह अपनी मर्जी से घर से नाराज होकर आया था और अपनी इच्छा से उस परिवार के साथ रह रहा था। उसने यह भी बताया कि उसके साथ कोई दुर्व्यवहार नहीं हुआ।
Source link
महोबा पुलिस ने तीन साल बाद लौटाया लापता बच्चा:ऑपरेशन मुस्कान के तहत पानीपत से सकुशल बरामद किया, पूछताछ में बोला- अपनी मर्जी से गया था