महिला से मजाक पर दो युवकों में मारपीट, VIDEO:गोंडा में दोनों ने एक-दूसरे को गालियां दी, पुलिस ने माफीनामा लिखवाया


गोंडा जिले में एक महिला से मजाक करने को लेकर दो युवकों के बीच मारपीट हो गई। यह घटना नगर कोतवाली क्षेत्र के इंडियन बैंक के सामने बीते मंगलवार दोपहर करीब 2 बजे हुई है। जहां मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर आज तेजी से वायरल हो रहा है। पुलिस जांच के अनुसार, बलरामपुर के उतरौला निवासी पवन सोनी गोंडा के इंडियन बैंक रोडवेज शाखा आए थे। बैंक के बाहर खड़ी एक महिला से पवन सोनी ने मजाक किया, जिसके बाद महिला के साथ मौजूद युवक और पवन सोनी के बीच विवाद शुरू हो गया और देखते ही देखते मारपीट में बदल गया। इस दौरान मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। दोनों युवक एक-दूसरे को गालियां दे रहे थे और मारपीट कर रहे थे। वायरल वीडियो में यह भी देखा जा सकता है कि दोनों युवक एक-दूसरे को मारपीट के लिए और लोगों को बुलाने की बात कह रहे थे। वायरल वीडियो में रोडवेज चौकी पर तैनात कुछ पुलिसकर्मी भी मौके पर खड़े दिखाई दे रहे हैं। घटना के बाद रोडवेज चौकी पुलिस तीनों लोगों (दोनों युवक और महिला) को चौकी ले गई। चौकी में तीनों ने मारपीट को लेकर लिखित माफीनामा दिया और एक-दूसरे के खिलाफ कोई कार्रवाई न करने की बात कही। नगर कोतवाल बिंदेश्वरी मणि त्रिपाठी ने बताया कि यह आपसी कहासुनी को लेकर हुआ विवाद था। लोगों ने लिखित में सुलह कर ली है और कोई भी पक्ष एक-दूसरे के खिलाफ कार्रवाई नहीं चाहता है। उन्होंने यह भी कहा कि यदि भविष्य में किसी भी पक्ष द्वारा तहरीर दी जाती है, तो मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी। यह लोग आपस में ही एक दूसरे के जानने वाले हैं रिश्ता अभी क्लियर नहीं हो पाया है वीडियो वायरल हुआ है उसकी भी जांच कराई जा रही है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *