महिला श्रद्धालु से मंगलसूत्र लूटने की कोशिश:चित्रकूट परिक्रमा मार्ग पर घेराबंदी कर आरोपी गिरफ्तार


चित्रकूट में कामदगिरि की पंचकोसी परिक्रमा के दौरान एक महिला श्रद्धालु से मंगलसूत्र लूटने का प्रयास किया गया। यह घटना परिक्रमा मार्ग चौकी क्षेत्र के तुलसी चौरा के आगे हुई। मध्य प्रदेश के गोदावरी क्षेत्र की निवासी नीलम पत्नी ओमप्रकाश परिक्रमा कर रही थीं, तभी एक युवक ने उनके गले से मंगलसूत्र झपटने की कोशिश की। मंगलसूत्र छीनने के बाद आरोपी परिक्रमा मार्ग के पास अरहर के खेत में छिप गया। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीणों और पुलिस ने मिलकर घेराबंदी की। परिक्रमा मार्ग चौकी पर तैनात सिपाही आशीष कुशवाहा ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को पकड़ लिया। सूचना मिलने पर शिवरामपुर चौकी प्रभारी शनि चतुर्वेदी, कोतवाली प्रभारी निरीक्षक श्याम प्रताप पटेल और सीतापुर चौकी प्रभारी यदुवीर सिंह पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया और क्षेत्र में मौजूद श्रद्धालुओं को सुरक्षा का आश्वासन दिया। पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी की पहचान श्याम निषाद पुत्र मुन्ना निवासी गल्ला मंडी करवी के रूप में हुई है। उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा रही है। गौरतलब है कि परिक्रमा मार्ग पर हाल के दिनों में आपराधिक घटनाओं में वृद्धि हुई है। पिछले आठ दिनों में यह दूसरी ऐसी वारदात है। इससे पहले रात के समय कुछ यात्रियों के साथ मारपीट और लूट की घटना हुई थी। लगातार हो रही इन घटनाओं से श्रद्धालुओं में चिंता बढ़ गई है। पुलिस अधिकारियों ने क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था और गश्त बढ़ाने का आश्वासन दिया है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *