महर्षि गुरु रविदास की जयंती पर महोबा पहुंची कलश यात्रा:सामाजिक समरसता-समानता का संदेश जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान


महोबा के महर्षि संत शिरोमणि श्री गुरु रविदास महाराज की 650वीं जयंती के उपलक्ष्य में आयोजित ‘समरसता संकल्प अभियान’ के तहत निकाली जा रही कलश वंदन यात्रा शुक्रवार को महोबा पहुंची। वाराणसी स्थित संत रविदास की जन्मस्थली सीर गोवर्धनपुर से लाई गई पावन मिट्टी का शहर में भव्य स्वागत किया गया। इसके बाद विधि-विधान के साथ पवित्र कलश को छजमनपुरा स्थित संत रविदास मंदिर में स्थापित किया गया। सदर विधायक राकेश गोस्वामी, भाजपा जिलाध्यक्ष मोहनलाल कुशवाहा, पनवाड़ी ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि श्रीप्रकाश वर्मा समेत भाजपा पदाधिकारियों और स्थानीय लोगों ने कलश का पूजन कर मंदिर में स्थापना कराई। यह यात्रा भारतीय जनता पार्टी द्वारा संत रविदास के विचारों और सामाजिक समरसता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से निकाली जा रही है। सदर विधायक राकेश गोस्वामी ने कहा कि संत रविदास जी की 650वीं जयंती के ऐतिहासिक अवसर पर उनकी जन्मस्थली से पावन मिट्टी प्रदेश के प्रत्येक जनपद में भेजी जा रही है। महोबा में भी श्रद्धापूर्वक इस कलश का स्वागत कर संत रविदास मंदिर में स्थापित किया गया है। उन्होंने बताया कि समरसता संकल्प अभियान के तहत पूरे वर्ष विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। भाजपा जिलाध्यक्ष मोहनलाल कुशवाहा ने कहा कि यह पवित्र मिट्टी केवल उत्तर प्रदेश ही नहीं, बल्कि देश के विभिन्न राज्यों में स्थित रविदास मंदिरों तक भी पहुंचाई जा रही है। उन्होंने कहा कि संत रविदास जी के सामाजिक समानता, प्रेम, करुणा और जातिगत भेदभाव मिटाने के संदेश को घर-घर तक पहुंचाना अभियान का मुख्य उद्देश्य है। पनवाड़ी ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि श्रीप्रकाश वर्मा ने बताया कि कलश वंदन यात्रा गांव-गांव और क्षेत्र-क्षेत्र तक पहुंचेगी, ताकि संत रविदास जी के विचारों का व्यापक प्रचार-प्रसार हो सके। इस दौरान चरखारी में भी यात्रा का स्वागत किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता, सामाजिक संगठन और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने कहा कि संत रविदास जी के विचारों को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाकर सामाजिक समरसता, एकता और भाईचारे को और अधिक मजबूत बनाया जाएगा

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *