![]()
महराजगंज पुलिस ने जनपद में सोमवार को यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की है। एक विशेष अभियान के तहत कुल 573 वाहनों का चालान किया गया। यह अभियान अपराध नियंत्रण और सड़क सुरक्षा को प्रभावी बनाने के उद्देश्य से विभिन्न थाना क्षेत्रों में चलाया गया। पुलिस टीमों ने अलग-अलग स्थानों पर दोपहिया वाहनों और संदिग्ध व्यक्तियों की सघन जांच की। चेकिंग के दौरान बिना हेलमेट वाहन चलाने, दोपहिया वाहनों पर तीन सवारी बैठाने, बिना वैध ड्राइविंग लाइसेंस के वाहन चलाने, सवारी वाहनों में क्षमता से अधिक यात्री बैठाने और तेज गति से वाहन चलाने जैसे यातायात नियमों के उल्लंघन पर कार्रवाई की गई। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना, यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखना और आमजन में यातायात नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। इसके साथ ही, संदिग्ध व्यक्तियों की पहचान कर अपराधियों पर प्रभावी नियंत्रण बनाए रखने के लिए भी व्यापक चेकिंग की गई। महराजगंज पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे यातायात नियमों का पालन करें। हेलमेट और सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करें तथा सुरक्षित एवं जिम्मेदारीपूर्ण ढंग से वाहन चलाकर अपनी और दूसरों की सुरक्षा सुनिश्चित करें।
Source link
महराजगंज में 573 वाहनों का चालान:यातायात नियम तोड़ने वालों पर पुलिस का विशेष अभियान