![]()
महराजगंज के भिटौली थाना क्षेत्र में एक युवक का शव पुलिया के नीचे संदिग्ध परिस्थितियों में मिला है। लक्ष्मीपुर देउरवा टोला पिपरिया गांव निवासी 35 वर्षीय हकामुद्दीन रविवार रात से लापता था, जिसका शव सोमवार सुबह बरामद हुआ। परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है। जानकारी के अनुसार, हकामुद्दीन रविवार देर रात करीब 10 बजे अपने घर से निकला था। परिजन भोजन के बाद सो गए और सोचा कि वह आसपास ही होगा। लेकिन देर रात तक वह घर नहीं लौटा। सोमवार सुबह करीब 5 बजे, लक्ष्मीपुर देउरवा से कमता बुजुर्ग जाने वाले मार्ग पर पिपरिया के पास एक पुलिया के नीचे ग्रामीणों ने उसका शव देखा। देखें, 4 तस्वीरें… शव मिलने की सूचना ग्राम प्रधान ने भिटौली थाने को दी। थानाध्यक्ष सत्येंद्र कुमार राय पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और जांच शुरू की। फॉरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंची और घटना से संबंधित साक्ष्य जुटाए। मृतक के शरीर पर कई जगह गहरे चोट के निशान मिले हैं, जिसके कारण परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है। उसकी पत्नी सरवर जहां का रो-रोकर बुरा हाल है। उन्होंने आरोप लगाया कि उनके पति की हत्या की गई है। हकामुद्दीन अपने परिवार का पालन-पोषण मजदूरी करके करता था। वह दो भाइयों में बड़ा था और उसके पिता का निधन आठ साल पहले हो चुका था। उसकी तीन छोटी बेटियां हैं। थानाध्यक्ष सत्येंद्र कुमार राय ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Source link
महराजगंज में पुलिया के नीचे मिला युवक का शव:………