महराजगंज जिला अस्पताल में मरीजों की भीड़ बढ़ी:मौसम के उतार-चढ़ाव से रोज 1200 से 1600 मरीज पहुंच रहे, पेट दर्द, उल्टी-दस्त और बुखार के मामले ज्यादा


महराजगंज में मौसम में लगातार हो रहे उतार-चढ़ाव का असर लोगों की सेहत पर दिखाई देने लगा है। बदलते मौसम के बीच जिला अस्पताल की ओपीडी में मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही है। पिछले कुछ दिनों से अस्पताल में पेट दर्द, उल्टी-दस्त और बुखार की शिकायत लेकर पहुंचने वाले मरीजों की संख्या में इजाफा हुआ है। रोजाना करीब 1200 से 1600 मरीज इलाज के लिए जिला अस्पताल पहुंच रहे हैं। इससे ओपीडी में मरीजों की भीड़ बढ़ गई है। डॉक्टरों के अनुसार दिन में गर्मी और सुबह-शाम मौसम में बदलाव के कारण लोग संक्रमण और पेट संबंधी बीमारियों की चपेट में आ रहे हैं। खासकर उल्टी-दस्त की शिकायत वाले मरीज अधिक संख्या में अस्पताल पहुंच रहे हैं। कई मरीजों में पेट दर्द और बुखार के लक्षण भी सामने आ रहे हैं। अस्पताल की ओपीडी में मरीजों की बढ़ती संख्या के कारण पंजीकरण से लेकर डॉक्टर को दिखाने तक लोगों को कतार में लगना पड़ रहा है। खानपान में विशेष सावधानी बरतने की जरूरत जिला अस्पताल के डॉक्टर आर. रमन ने बताया कि इन दिनों उल्टी-दस्त के मरीजों की संख्या में बढ़ोतरी हुई है। मौसम में बदलाव के दौरान खानपान में विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है। उन्होंने लोगों को गर्म पानी पीने और ताजा खाना खाने की सलाह दी है। साथ ही चिकित्सकीय सलाह के अनुसार समय पर दवा लेने की बात कही। इन बातों का रखें ध्यान डॉक्टरों ने लोगों से बाहर का खुला और बासी खाना खाने से बचने, साफ-सफाई का ध्यान रखने और पर्याप्त मात्रा में पानी पीने की अपील की है। उल्टी-दस्त या बुखार की शिकायत होने पर खुद से दवा लेने के बजाय चिकित्सक से परामर्श लेने की सलाह दी गई है। बच्चों और बुजुर्गों में ऐसे लक्षण दिखाई देने पर विशेष सावधानी बरतने को कहा गया है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *