मधुमिता शुक्ला के घर के बाहर बम फेंका गया:बहन निधि शुक्ला बोलीं- डराने की कोशिश की गई, परिवार की सुरक्षा बढ़ाई जाए


लखीमपुर में कवयित्री मधुमिता शुक्ला की बहन निधि शुक्ला ने अपने घर पर बम से हमला किए जाने का आरोप लगाया है। उन्होंने सदर कोतवाली में एक व्यक्ति को नामजद करते हुए शिकायत दी है। पुलिस से एफआईआर दर्ज करने की मांग की है। निधि का कहना है कि यह हमला उन्हें डराने-धमकाने और कानूनी लड़ाई से पीछे हटाने के उद्देश्य से कराया गया है। उन्होंने कहा- अगर भविष्य में मुझे या मेरे परिवार को कुछ होता है तो जिम्मेदारी हमला करने वालों की ही होगी। उन्होंने पुलिस से सुरक्षा बढ़ाने की मांग की है। अब जानिए पूरा मामला… निधि शुक्ला का शहर के मिश्राना मोहल्ले में घर है। निधि के अनुसार, 30 जून की रात करीब 3 बजे घर के बाहर जोरदार धमाका हुआ। उस समय वह परिवार के साथ घर में सो रही थीं। उनकी सुरक्षा में तैनात सिपाही ने घबराकर उन्हें फोन किया। बताया- बाहर बम ब्लास्ट जैसा तेज धमाका हुआ है। सिपाही ने दरवाजा खोलने को कहा, लेकिन उन्होंने सुरक्षा कारणों से मना कर दिया। इसके बाद सिपाही ने डायल-112 और थाना पुलिस को सूचना दी। पुलिस के मौके पर पहुंचने के बाद ही उन्होंने दरवाजा खोला। तब उन्हें बताया गया कि उनके घर के बाहर विस्फोट हुआ है। निधि ने आरोप लगाया कि कागजों में उनके घर पर तीन सशस्त्र और एक सिविल पुलिसकर्मी की सुरक्षा स्वीकृत है, लेकिन एक साल से केवल एक सिपाही दिन में और एक रात में तैनात रहता है। उन्होंने कहा कि कई बार अतिरिक्त सुरक्षा की मांग करने के बावजूद पुलिस बल की कमी का हवाला देकर मांग को अनसुना किया जाता रहा है। निधि ने कहा- इससे पहले भी पिछले साल भी उनके घर पर फायरिंग हुई थी। इसके बावजूद सुरक्षा नहीं बढ़ाई गई। उन्हें लगातार जान से मारने की धमकी मिल रही है। उनका आरोप है कि मधुमिता हत्याकांड में कानूनी पैरवी जारी रखने और इस मामले पर पुस्तक और गाने का एलबम लांच करने की तैयारी के कारण उन्हें डराने के लिए यह हमला कराया गया है। उन्होंने कहा, मेरी किसी से कोई व्यक्तिगत दुश्मनी नहीं है। अमरमणि, मधुमणि, रोहित, संतोष और प्रकाशमणि के परिवार के लोगों के अलावा मेरा कोई अन्य दुश्मन नहीं है। यदि भविष्य में मेरे या मेरे परिवार के किसी सदस्य के साथ कोई भी घटना होती है तो इसकी पूरी जिम्मेदारी इन्हीं लोगों की होगी। निधि ने पुलिस से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर कड़ी कार्रवाई करने तथा अपनी सुरक्षा व्यवस्था को तत्काल मजबूत करने की मांग की है। ——————— यह खबर भी पढ़ें- राम मंदिर चोरी-यूपी कांग्रेस अध्यक्ष को पुलिस ने दर्शन कराए:20 घंटे नजरबंद करके रखा था; CO ने जेल में आरोपियों से पूछताछ की अयोध्या राम मंदिर चढ़ावा चोरी को लेकर सियासत तेज हो गई। करीब 20 घंटे नजरबंद रखने के बाद मंगलवार रात 9 बजे पुलिस ने कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय को हनुमानगढ़ी और रामलला के दर्शन कराए। यहां पढ़ें पूरी खबर

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *