![]()
मथुरा में स्मार्ट मीटर व्यवस्था के खिलाफ उपभोक्ताओं का गुस्सा सड़कों पर उतर आया है। सोमवार को मसानी बिजली घर पर बड़ी संख्या में लोगों ने प्रदर्शन करते हुए सड़क जाम कर दी, जिससे यातायात प्रभावित हुआ। प्रदर्शनकारी उपभोक्ताओं ने आरोप लगाया कि बिल जमा करने के बावजूद उनकी बिजली आपूर्ति काट दी गई। उन्होंने बताया कि बिना किसी पूर्व सूचना या मैसेज के बिजली बंद कर दी गई, जिससे उन्हें भारी परेशानी हुई। कई परिवार पिछले दो दिनों से अंधेरे में रहने को मजबूर हैं। स्थानीय लोगों के अनुसार, वे समस्या के समाधान के लिए लगातार बिजली घर के चक्कर लगा रहे थे, लेकिन उनकी सुनवाई नहीं हुई। इससे नाराज़ होकर सोमवार सुबह करीब 11:30 बजे महिलाएं और पुरुष सड़क पर उतर आए और विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। सूचना मिलने पर गोविंद नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थिति को संभालते हुए प्रदर्शनकारियों को समझाया और जाम खुलवाया। पुलिस की समझाइश के बाद लोग शांत हुए, हालांकि उनकी नाराज़गी बनी रही। उपभोक्ताओं ने बिजली विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाया। उनका कहना था कि कार्यालय खुला होने के बावजूद कोई जिम्मेदार अधिकारी मौजूद नहीं था। केवल बिल जमा करने के काउंटर चालू थे, जबकि शिकायत सुनने वाला कोई नहीं था। कुछ प्रदर्शनकारियों ने यह भी आरोप लगाया कि शिकायत करने पहुंचने पर कर्मचारियों ने कार्यालय बंद कर दिया था, जिसे बाद में पुलिस ने खुलवाया। प्रदर्शनकारियों ने स्मार्ट मीटर व्यवस्था को अपनी समस्याओं की जड़ बताते हुए पुराने मीटर दोबारा लगाने की मांग की है। इस मामले पर फिलहाल बिजली विभाग की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है, जिससे उपभोक्ताओं में असंतोष बना हुआ है।
Source link
मथुरा में स्मार्ट मीटर से उपभोक्ता परेशान:मसानी बिजली घर पर हंगामा, सड़क जाम कर जताया विरोध