![]()
मथुरा में शुक्रवार को तेज बारिश ने नगर निगम और प्रशासन के दावों की हकीकत उजागर कर दी। मानसून से पहले ही शहर के कई प्रमुख इलाकों में भारी जलभराव हो गया, जिससे लोगों को घंटों तक परेशानी का सामना करना पड़ा। बारिश के बाद शहर की सड़कें तालाब में तब्दील हो गईं और जगह-जगह जाम लग गया। सबसे अधिक खराब हालात भूतेश्वर रेलवे अंडरपास, नया बस स्टैंड अंडरपास और कंकाली रोड जैसे प्रमुख मार्गों पर देखे गए। भूतेश्वर रेलवे अंडरपास के नीचे घुटनों तक पानी भर गया, जिससे दोपहिया और चारपहिया वाहन चालकों को भारी परेशानी हुई। कई वाहन पानी में फंसकर बंद हो गए, और लोगों को जोखिम उठाकर पानी के बीच से गुजरना पड़ा। विकास कार्यों को कागजी बताया शहर के अन्य इलाकों में भी नालियों की सफाई और जल निकासी व्यवस्था की कमियां उजागर हुईं। जलभराव के कारण यातायात प्रभावित रहा और लोगों को लंबे समय तक जाम में फंसे रहना पड़ा। स्थानीय निवासियों ने नगर निगम की कार्यप्रणाली पर नाराजगी व्यक्त करते हुए विकास कार्यों को केवल कागजी बताया। गौरतलब है कि मथुरा के मेयर विनोद अग्रवाल और नगर आयुक्त जग प्रवेश द्वारा जलभराव की समस्या से निपटने के लगातार दावे किए जाते रहे हैं। हालांकि, पहली तेज बारिश में ही ये व्यवस्थाएं पूरी तरह विफल साबित हुईं। लोगों का कहना है कि यदि मानसून से पहले यह स्थिति है, तो आगामी बरसात में हालात और बिगड़ सकते हैं। बारिश के बाद शहरवासियों में नगर निगम के प्रति भारी नाराजगी देखी गई। उन्होंने जल निकासी व्यवस्था में तत्काल सुधार की मांग की है।
Source link
मथुरा में पहली बारिश से जलभराव:नगर निगम के दावों की खुली पोल, सड़कें बनी तालाब