![]()
मथुरा के शहर के औरंगाबाद क्षेत्र में रामलीला महोत्सव के अंतर्गत मंगलवार देर रात भगवान मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीराम की भव्य बारात निकाली गई। बारात में भगवान श्रीराम, भरत, लक्ष्मण और शत्रुघ्न चारों भाई घोड़ों पर सवार होकर जनकपुरी पहुंचे। भगवान श्रीराम के मनोहारी स्वरूप के दर्शन कर श्रद्धालु भावविभोर हो गए। बारात का कस्बे में जगह-जगह स्वागत किया गया। श्रद्धालुओं ने आरती उतारकर प्रभु श्रीराम का पूजन किया और पुष्पवर्षा कर अपनी श्रद्धा प्रकट की। औरंगाबाद रामलीला कमेटी की ओर से आयोजित राम बारात में धार्मिक आस्था और उत्साह का अनूठा संगम देखने को मिला। बारात में शामिल आकर्षक झांकियों ने लोगों का मन मोह लिया। काली के स्वरूप और डीजे की धुनों ने आयोजन में चार चांद लगा दिए। बारात जिस मार्ग से गुजरी, वहां श्रद्धालुओं की भीड़ जुटती रही। लोगों ने अपने घरों और प्रतिष्ठानों के सामने भगवान श्रीराम की आरती उतारी और स्वागत कर आशीर्वाद लिया। राम बारात को लेकर कस्बे के बच्चों, युवाओं, महिलाओं और बुजुर्गों में विशेष उत्साह दिखाई दिया। श्रद्धालु भगवान श्रीराम के जयकारे लगाते हुए बारात के साथ चलते नजर आए। पूरे क्षेत्र में भक्तिमय माहौल बना रहा। जगह-जगह लोगों ने बारात का स्वागत करने के लिए तैयारियां की थीं। आकर्षक झांकियों और धार्मिक प्रस्तुतियों को देखने के लिए लोग देर रात तक मौजूद रहे। औरंगाबाद रामलीला कमेटी के महामंत्री ताराचंद्र अग्रवाल ने बताया कि हर वर्ष की भांति इस बार भी भगवान श्रीराम की बारात बड़े धूमधाम और उत्साह के साथ निकाली गई। कस्बावासियों ने आयोजन में बढ़-चढ़कर भाग लिया और पूरे उत्साह के साथ सहयोग किया। कमेटी के मीडिया प्रभारी अखिलेश मिश्रा ने कहा कि रामलीला आयोजन में क्षेत्रीय लोगों का सहयोग सराहनीय रहा। बच्चों से लेकर बुजुर्गों और महिलाओं तक में विशेष उत्साह देखने को मिला। उन्होंने कहा कि ऐसे धार्मिक आयोजन समाज में आपसी प्रेम, सद्भाव और धार्मिक संस्कृति को मजबूत करते हैं।
Source link
औरंगाबाद में धूमधाम से निकली भगवान श्रीराम की बारात:जगह-जगह हुआ स्वागत, श्रद्धालुओं ने की आरती और पुष्पवर्षा