![]()
मथुरा के थाना हाईवे क्षेत्र स्थित देवीपुरा में गुरुवार तड़के करीब 4 बजे एक साड़ी फैक्टरी में आग लग गई। आग इतनी विकराल थी कि फैक्टरी से ऊंची लपटें और धुएं का गुबार उठने लगा। सूचना मिलते ही पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं। आग बुझाने के लिए चार दमकल गाड़ियों को लगाया गया। दमकल कर्मियों ने कई घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। राहत की बात यह रही कि घटना के समय फैक्टरी में कोई कर्मचारी मौजूद नहीं था, जिससे कोई जनहानि नहीं हुई। पुलिस के अनुसार, बाटी रोड स्थित देवीपुरा में अखिलेश अग्रवाल की ‘राम रसिया’ नाम से टेक्सटाइल फैक्टरी संचालित है। बुधवार शाम को काम खत्म होने के बाद सभी कर्मचारी घर चले गए थे। गुरुवार तड़के आसपास के लोगों ने फैक्टरी से धुआं और आग की तेज लपटें निकलती देखीं, जिसके बाद तत्काल पुलिस और अग्निशमन विभाग को सूचना दी गई। फैक्टरी संचालक के मुताबिक, आग में तैयार साड़ियों का स्टॉक, बड़ी मात्रा में कपड़ा, मशीनों का कुछ हिस्सा और अन्य सामान जलकर नष्ट हो गया है। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार, इस हादसे में लाखों रुपये का नुकसान हुआ है। अग्निशमन विभाग की प्राथमिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। हालांकि, आग के वास्तविक कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है। अग्निशमन अधिकारी अरुण सिंह ने बताया कि आग पर पूरी तरह नियंत्रण पा लिया गया है और नुकसान का विस्तृत आकलन किया जा रहा है। पुलिस भी मामले की जांच में जुटी हुई है।
Source link
मथुरा की साड़ी फैक्ट्री में आग लगी:लाखों का सामान जला, 4 दमकल गाड़ियों ने 2 घंटे में काबू पाया