![]()
मैनपुरी में पुराने पैतृक मकान को गिराते समय मिट्टी में दबा एक घड़ा मिलने से हड़कंप मच गया। दावा है कि घड़े में सोने और चांदी के पुराने सिक्के रखे हुए थे। घड़ा मिलते ही मौके पर मौजूद लोगों की भीड़ सिक्के बटोरने के लिए टूट पड़ी। घटना का वीडियो सामने आया है। मामला करहल थाना क्षेत्र के ग्राम नगला काकन का है। गांव निवासी राहुल सिंह भदौरिया ने बताया कि उनके परिवार का यह पैतृक मकान काफी पुराना और जर्जर हो चुका था, जिसे सोमवार दोपहर गिरवाया जा रहा था। मकान पर परिवार के अन्य सदस्यों रवि राज सिंह भदौरिया और हृदयराज सिंह भदौरिया का भी अधिकार है। मामला करहल थाना क्षेत्र का है। देखिए 3 तस्वीरें… राहुल के अनुसार, मकान के पिछले हिस्से में उनकी दादी शकुंतला देवी रहती थीं, जिनका कुछ समय पहले निधन हो गया था। परिवार को पहले से यह जानकारी थी कि दादी ने कुछ कीमती सामान घर में कहीं छिपाकर रखा था, लेकिन उसके स्थान की जानकारी किसी को नहीं थी। सोमवार को जब जेसीबी की मदद से मकान का पिछला हिस्सा गिराया जा रहा था, तभी मिट्टी में दबा लाल कपड़े से ढका एक घड़ा दिखाई दिया। घड़ा निकलते ही वहां मौजूद लोगों की भीड़ उसकी ओर दौड़ पड़ी। इसी दौरान घड़ा टूट गया और उसके भीतर रखे सोने-चांदी जैसे दिखाई देने वाले पुराने सिक्के जमीन पर बिखर गए। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, सिक्के देखते ही बच्चे, महिलाएं और पुरुष उन्हें बटोरने में जुट गए। मकान मालिक और परिवार के लोगों ने भीड़ को रोकने का प्रयास किया, लेकिन किसी ने उनकी बात नहीं सुनी। जो जिसके हाथ लगा, वह लेकर मौके से निकल गया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पूरे इलाके में इसकी चर्चा हो रही है। हालांकि, बरामद सिक्कों की वास्तविक संख्या, उनकी कीमत और उनकी प्रामाणिकता को लेकर अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। प्रशासन की ओर से भी मामले में कोई औपचारिक बयान जारी नहीं किया गया है।
Source link
मकान तोड़ते समय मिला सिक्कों से भरा घड़ा, VIDEO:मैनपुरी में सोने-चांदी के सिक्के बटोरने टूट पड़ी भीड़, बुलडोजर से गिरवाया