![]()
मऊ के हलधरपुर थाना क्षेत्र में शनिवार शाम एक सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। यह घटना हलधरपुर थाने से लगभग 500 मीटर पश्चिम उस समय हुई, जब बाइक सवार युवक फन्टासिया वाटर पार्क से नहाकर अपने घर लौट रहे थे। जानकारी के अनुसार, मुंशीपुरा नई बस्ती निवासी मोहम्मद आबिद (17) पुत्र मोहम्मद मुस्लिम, मुदस्सिर (16) पुत्र महफूज और फरहान (11) पुत्र इश्तेयाक अहमद फन्टासिया वाटर पार्क गए थे। शनिवार शाम करीब साढ़े चार बजे तीनों युवक बाइक से अपने घर लौट रहे थे। जैसे ही उनकी बाइक हलधरपुर थाने से लगभग 500 मीटर पश्चिम पहुंची, बलिया की तरफ से आ रही एक अनियंत्रित स्कार्पियो ने उसमें जोरदार टक्कर मार दी। इस टक्कर से तीनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे के बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। वहां चिकित्सकों ने उनकी गंभीर हालत को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही मोहम्मद आबिद की मौत हो गई। जिला अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद परिजन आबिद के शव को घर ले आए। देर रात लगभग 10 बजे, आपसी बातचीत के बाद, परिजनों ने घटना की सूचना देने के लिए हलधरपुर थाने में संपर्क किया। हादसे की जानकारी मिलते ही पूर्व नगर अध्यक्ष तैयब पालकी, पूर्व सभासद खुशहाल सिंह बड़े, शमीम अहमद और मोहम्मद सलीम सहित कई स्थानीय लोग पीड़ित परिवार के घर पहुंचे और शोक संवेदना व्यक्त की।
Source link
मऊ में स्कॉर्पियों की टक्कर से युवक की मौत:टक्कर से दो अन्य घायल, वाटर पार्क से लौटते समय हुआ हादसा