![]()
मऊ जिले की पुलिस ने रामपुर चकिया फ्लाईओवर के पास से तीन अंतर्राज्यीय शराब तस्करों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से एक कार में बने गुप्त स्थान से लगभग 2.5 लाख रुपये मूल्य की 155 लीटर अवैध अंग्रेजी शराब बरामद की गई है। यह कार्रवाई जनपद मऊ पुलिस के थाना दक्षिण टोला, स्वाट/एसओजी और सर्विलांस टीम के संयुक्त प्रयास से की गई। पुलिस अधीक्षक कमलेश बहादुर के निर्देश पर अपर पुलिस अधीक्षक अनूप कुमार के पर्यवेक्षण और क्षेत्राधिकारी नगर के मार्गदर्शन में विशेष टीमों का गठन किया गया था। 22 अप्रैल 2026 को मिली सटीक मुखबिर सूचना के आधार पर यह गिरफ्तारी हुई। गिरफ्तार अभियुक्तों की कार की पिछली सीट के नीचे अवैध शराब परिवहन के लिए बनाए गए एक गोपनीय स्थान से विभिन्न ब्रांडों की शराब मिली। इसमें सिग्नेचर ब्रांड की 750 मिली की 78 बोतलें, 375 मिली की 42 बोतलें और 180 मिली की 83 बोतलें शामिल थीं। इसके अतिरिक्त, ब्लेंडर्स प्राइड की 750 मिली की 64 बोतलें और 375 मिली की 46 बोतलें भी बरामद हुईं। कुल मिलाकर 155 लीटर अवैध अंग्रेजी शराब जब्त की गई, जिसकी बाजार कीमत लगभग 2,50,000 रुपये है। पूछताछ में तस्करों ने बताया कि वे यह शराब हरियाणा से लाते थे और बिहार में ले जाकर दोगुने दामों पर बेचते थे। पकड़े जाने से बचने के लिए वे हर बार अपना रास्ता और कार की नंबर प्लेट बदल देते थे। इस बार वे मऊ की तरफ से बिहार जाने के लिए निकले थे और शहर के बाहर-बाहर से निकलने की योजना थी। गिरफ्तार किए गए शराब तस्करों की पहचान विनीत कुमार (पुत्र नरेश भगत, निवासी बड़सम खपैती, थाना सौर बाजार, जनपद सहरसा, बिहार), नितीश कुमार (पुत्र दिलीप चौधरी, निवासी मुरादपुर, थाना परवत्ता, जनपद खगड़िया, बिहार) और क्रांति कुमार (पुत्र कौशल भगत, निवासी श्रीपुरा, थाना मधेपुरा, जनपद मधेपुरा, बिहार) के रूप में हुई है।
Source link
मऊ में तीन शराब तस्कर गिरफ्तार:कार में गोपनीय जगह बनाकर रखी थी ढाई लाख की शराब, हरियाणा से लाकर बिहार में बेचते थे