![]()
प्रदेश के वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री तथा लखनऊ के प्रभारी मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने गुरुवार को नैमिषारण्य वीवीआईपी गेस्ट हाउस में विद्युत विभाग की समीक्षा बैठक में अधिकारियों को दो टूक संदेश दिया कि बिजली आपूर्ति में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने आम उपभोक्ताओं को निर्धारित मानकों के अनुरूप निर्बाध बिजली उपलब्ध कराने और शिकायतों का तत्काल निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। लखनऊ के प्रतिनिधि और अधिकारियों के बीच हुई प्रभारी मंत्री की अध्यक्षता में बैठक में बिजली विभाग का मुद्दा सबसे ज्यादा चर्चा में रहा।
राजधानी की व्यवस्था पूरे प्रदेश के लिए रोल मॉडल, लापरवाही नहीं होगी स्वीकार बैठक में महापौर सुषमा खर्कवाल, बीकेटी विधायक योगेश शुक्ला, मोहनलालगंज विधायक अमरेश कुमार, लखनऊ पूर्व विधायक ओपी श्रीवास्तव, जिलाधिकारी विशाख जी, मुख्य विकास अधिकारी तथा चारों जोन के मुख्य अभियंता समेत विभागीय अधिकारी मौजूद रहे। सुरेश खन्ना ने कहा कि लखनऊ प्रदेश की राजधानी है और यहां की व्यवस्थाओं को दूसरे जिलों के लिए रोल मॉडल माना जाता है। ऐसे में बिजली व्यवस्था में किसी भी स्तर पर कोताही स्वीकार नहीं की जाएगी।
बिजली चोरी रोकने और राजस्व हानि पर नियंत्रण के निर्देश प्रभारी मंत्री ने अधिकारियों को बिजली चोरी पर प्रभावी नियंत्रण के लिए विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निगरानी व्यवस्था को और मजबूत किया जाए, ताकि विभाग को होने वाली राजस्व हानि को रोका जा सके। साथ ही जनप्रतिनिधियों से मिलने वाली शिकायतों को प्राथमिकता के आधार पर निस्तारित करने को कहा।
जेई के फोन न उठाने की शिकायतों पर जताई नाराजगी बैठक में जनप्रतिनिधियों ने शिकायत की कि कई क्षेत्रों में जूनियर इंजीनियर फोन नहीं उठाते हैं, जिससे लोगों की समस्याओं के समाधान में देरी होती है। इस पर नाराजगी जताते हुए सुरेश खन्ना ने निर्देश दिए कि सभी जेई अपने मोबाइल में क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों के नंबर अनिवार्य रूप से सेव करें और हर स्थिति में फोन रिसीव करें। यदि किसी कारणवश कॉल नहीं उठा पाते हैं तो बैक कॉल कर समस्या की जानकारी लें और उसका समाधान सुनिश्चित करें।
जानकीपुरम के जेई को निलंबित करने के निर्देश समीक्षा के दौरान गलत एस्टीमेट तैयार करने और पोल स्थापना में अनियमितता की शिकायतों का संज्ञान लेते हुए प्रभारी मंत्री ने जानकीपुरम क्षेत्र के संबंधित जूनियर इंजीनियर को निलंबित किए जाने के निर्देश दिए। इसके अलावा नगर निगम के ट्रांसफर स्टेशन और चार्जिंग स्टेशन को विद्युत कनेक्शन उपलब्ध कराने में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ भी कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।
जनता की शिकायतों का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने पर जोर सुरेश खन्ना ने कहा कि विद्युत विभाग एक आपातकालीन सेवा है और इसकी कार्यकुशलता में किसी प्रकार की कमी नहीं होनी चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनता और जनप्रतिनिधियों से मिलने वाली प्रत्येक शिकायत का गंभीरता से संज्ञान लेते हुए समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाए, ताकि लोगों को अनावश्यक परेशानियों का सामना न करना पड़े।
Source link