मंडलीय अस्पताल में प्रसव के दौरान जच्चा-बच्चा की मौत:मिर्जापुर में परिजनों ने किया हंगामा, डॉक्टरों पर लापरवाही का आरोप; कार्रवाई की मांग


मिर्जापुर के मंडलीय अस्पताल में मंगलवार रात प्रसव के दौरान एक महिला और उसके नवजात शिशु की मौत हो गई। घटना के बाद आक्रोशित परिजनों ने अस्पताल परिसर में हंगामा किया और डॉक्टरों पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। मृतक की पहचान देहात कोतवाली क्षेत्र के आमघाट निवासी दुर्गावती के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, प्रसव पीड़ा होने पर मंगलवार सुबह उन्हें मंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इलाज के दौरान डॉक्टरों और स्वास्थ्यकर्मियों द्वारा बताई गई सभी दवाएं और इंजेक्शन समय पर उपलब्ध करा दिए गए थे। मृतक के पति राजेश कुमार बिंद ने आरोप लगाया कि यदि उनकी पत्नी की स्थिति गंभीर थी, तो अस्पताल प्रशासन को इसकी जानकारी पहले ही देनी चाहिए थी, ताकि उन्हें बेहतर इलाज के लिए किसी उच्च चिकित्सा संस्थान में ले जाया जा सके। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि जच्चा और नवजात की मौत के बाद अस्पताल प्रशासन उन्हें वाराणसी रेफर करने की बात कह रहा था, जो पूरी तरह अनुचित है। घटना के बाद अस्पताल परिसर में काफी देर तक तनावपूर्ण स्थिति बनी रही। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों को समझाकर शांत कराया। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। परिजनों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी चिकित्सकों और संबंधित कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। वहीं, पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट व जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *