![]()
रायबरेली जनपद में बीती रात से हो रही मूसलाधार बारिश ने जनजीवन को अस्त-व्यस्त कर दिया है। शहर से लेकर ग्रामीण इलाकों तक जलभराव और बिजली संकट से लोगों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी सरनीत कौर ब्रोका के निर्देश पर 17 अगस्त 2026 को कक्षा 1 से 12 तक के सभी विद्यालयों में अवकाश घोषित कर दिया गया है। यह आदेश सीबीएसई, आईसीएससी, यूपी बोर्ड सहित सभी परिषदीय, राजकीय, सहायता प्राप्त, संस्कृत, वित्तविहीन और मान्यता प्राप्त विद्यालयों पर कड़ाई से लागू होगा। जिला प्रशासन ने सभी प्रधानाचार्यों और प्रबंधकों को सुरक्षा के मद्देनजर इस आदेश का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। लगातार बारिश के कारण जिला अस्पताल परिसर में पानी भर गया है। इससे मरीजों और उनके तीमारदारों को आवाजाही में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। वार्डों के बाहर और मुख्य रास्तों पर पानी जमा होने से स्वास्थ्य सेवाएं भी प्रभावित हो रही हैं। विकास भवन के सामने एक विशाल नीम का पेड़ सड़क पर गिर गया, जिससे उस मार्ग पर आवागमन पूरी तरह ठप हो गया है। प्रशासन पेड़ हटाने के प्रयास में जुटा है। ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में देर रात से ही बिजली आपूर्ति बाधित है, जिससे लोगों को पानी और अन्य बुनियादी सुविधाओं के लिए परेशानी हो रही है। गंगा नदी के जलस्तर में लगातार बढ़ोतरी से तटीय इलाकों में बसे ग्रामीणों की चिंता बढ़ गई है। बाढ़ की आशंका को देखते हुए ग्रामीण सुरक्षित स्थानों की तलाश में हैं। प्रशासन ने नागरिकों से सतर्क रहने की अपील की है और संबंधित विभागों को जल निकासी व व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के निर्देश दिए हैं।
Source link
भारी बारिश से रायबरेली बेहाल:DM ने स्कूलों में अवकाश दिया, अस्पताल में पानी, बिजली-यातायात प्रभावित