![]()
उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग की स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी (स्क्रीनिंग) परीक्षा-2025 की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। परीक्षा की तैयारियों को लेकर गुरुवार को बैठक भी आयोजित की गई। जिसमे जिलाधिकारी डॉ. वीके सिंह, नोडल अधिकारी समेत परीक्षा से जुड़े अन्य अधिकारी मौजूद रहे। बैठक में केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था, अभ्यर्थियों के प्रवेश, बायोमेट्रिक जांच, प्रश्नपत्रों की सुरक्षा और परीक्षा को शांतिपूर्ण तरीके से कराने को लेकर जरूरी दिशा-निर्देश दिए गए। परीक्षा 4 अक्टूबर को होगी। मेरठ में इसके लिए 28 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। इन केंद्रों पर कुल 13,024 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। परीक्षा सुबह 9:30 से 11:30 बजे तक एक ही पाली में होगी। अभ्यर्थियों को एमसीक्यू सवालों के जवाब ओएमआर शीट पर देने होंगे। परीक्षा को लेकर सभी केंद्रों पर सुरक्षा और निगरानी की व्यवस्था की गई है। हर केंद्र पर एक सेक्टर मजिस्ट्रेट, एक स्टेटिक मजिस्ट्रेट और कक्ष निरीक्षकों की तैनाती रहेगी। परीक्षा केंद्र पर सीसीटीवी कैमरों से भी निगरानी की जाएगी। 8 बजे से एंट्री, 8:45 बजे गेट बंद अभ्यर्थियों की परीक्षा केंद्र में एंट्री सुबह 8 बजे से शुरू होगी। परीक्षा शुरू होने से 45 मिनट पहले यानी 8:45 बजे गेट बंद कर दिया जाएगा। इसके बाद किसी भी अभ्यर्थी को केंद्र में प्रवेश नहीं दिया जाएगा। अधिकारियों को भी इस मामले में कोई छूट देने का अधिकार नहीं होगा। परीक्षा खत्म होने से पांच मिनट पहले यानी 11:25 बजे कक्ष निरीक्षक अभ्यर्थियों को परीक्षा समाप्त होने की सूचना देंगे। अभ्यर्थियों को ई-प्रवेश पत्र के साथ आधार कार्ड, वोटर आईडी, पैन कार्ड, पासपोर्ट या ड्राइविंग लाइसेंस में से कोई एक मूल फोटो पहचान पत्र लाना होगा। इसके साथ आईडी की एक फोटो कॉपी और दो फोटो भी साथ रखने होंगे। तीन पुरुष और दो महिला पुलिसकर्मी करेंगे तलाशी हर परीक्षा केंद्र के गेट पर तीन पुरुष और दो महिला कांस्टेबल तैनात रहेंगे। पुरुष अभ्यर्थियों की तलाशी पुरुष पुलिसकर्मी और महिला अभ्यर्थियों की तलाशी महिला पुलिसकर्मी करेंगी। इसके अलावा कार्यदायी संस्था के कर्मचारी हैंड हेल्ड मेटल डिटेक्टर से भी जांच करेंगे। एक परीक्षा कक्ष में 24 अभ्यर्थियों के बैठने की व्यवस्था की जाएगी। हर कक्ष में दो कक्ष निरीक्षक रहेंगे। परीक्षा केंद्र के अंदर मोबाइल फोन, इलेक्ट्रॉनिक गैजेट, डिजिटल घड़ी या ऐसी कोई भी चीज ले जाने की अनुमति नहीं होगी। दिव्यांग अभ्यर्थियों को अतिरिक्त समय 40 प्रतिशत या उससे अधिक दिव्यांगता वाले अभ्यर्थियों को मांग करने पर श्रुतलेखक की सुविधा दी जाएगी। श्रुतलेखक अभ्यर्थी को खुद लाना होगा। ऐसे अभ्यर्थियों को अतिरिक्त समय भी दिया जाएगा। नियम के अनुसार प्रति घंटे 20 मिनट अतिरिक्त समय मिलेगा। इसके लिए दिव्यांग अभ्यर्थियों को दिव्यांगता प्रमाणपत्र, परिचय पत्र, दो फोटो और आईडी सहित जरूरी दस्तावेज साथ लाने होंगे। परीक्षा के बाद इन दस्तावेजों की प्रतियां आयोग के सहायक पर्यवेक्षक को उपलब्ध कराई जाएंगी।
Source link
13 हजार अभ्यर्थी देंगे स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी की परीक्षा:मेरठ में बनाए 28 केंद्र, 4 अक्टूबर को एक पाली में होगी परीक्षा