ब्रेक फेल होने से डिवाइडर पर चढ़ी रोडवेज बस:चालक की सूझबूझ से टली बड़ी घटना, सभी यात्री सुरक्षित


लखनऊ के पीजीआई इलाके में शुक्रवार शाम हैदरगढ़ डिपो की एक रोडवेज बस का ब्रेक फेल गया। ड्राइवर की सूझबूझ से बड़ा हादसा टल गया। आलमबाग बस डिपो से मोरावा जा रही बस कालिंदी पार्क मोड़ के पास अनियंत्रित होकर डिवाइडर पर चढ़ गई। गनीमत रही कि बस में सवार सभी यात्री सुरक्षित रहे और किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। पुलिस ने बताया बस UP 33 T 8641 को चालक प्रेम प्रकाश चला रहे थे। साथ में परिचालक रामकुमार ड्यूटी पर थे। शाम करीब 6 बजे अचानक बस का ब्रेक फेल हो गया। जिससे चालक ने बस पर नियंत्रण खो दिया। हालांकि चालक ने बिना घबराए सूझबूझ दिखाते हुए बस डिवाइडर पर चढ़ा दी। जिससे डिवाइडर तोड़ते हुए बस रुक गई। बस में कुल सात यात्री सवार थे। हादसे के बाद सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। किसी को भी चोट नहीं आई और सभी यात्री बाद में अपने गंतव्य के लिए रवाना हो गए। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस, ट्रैफिक पुलिस और एनएचएआई की टीम मौके पर पहुंच गई। दुर्घटनाग्रस्त बस को हटाने के लिए क्रेन बुलाई गई और कुछ ही देर में बस को सड़क से हटवा दिया गया। हादसे के बाद सड़क के दोनों तरफ वाहनों की कतार लग गई थी लेकिन ट्रैफिक पुलिस और स्थानीय पुलिस ने स्थिति को जल्द ही सामान्य कर दिया। मौके पर जाम जैसी कोई गंभीर स्थिति नहीं बनी।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *