![]()
बिहार के गोपालगंज जिले में सड़क हादसे में एक सहायक शिक्षिका की मौत हो गई। स्कूल जाते समय उनकी बाइक पर अचानक एक बंदर कूद पड़ा। बाइक अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर गई। इस दौरान शिक्षिका ने अपनी गोद में बैठे डेढ़ साल के बेटे को बचाने की कोशिश की, लेकिन खुद गंभीर रूप से घायल हो गईं। इलाज के दौरान देवरिया के एक निजी अस्पताल में उनकी मौत हो गई। मृतका की पहचान गोरखपुर जिले के चौरी-चौरा थाना क्षेत्र के करौता गांव निवासी दीपिका सिंह के रूप में हुई है। वह बिहार के गोपालगंज जिले के विजयीपुर प्रखंड की मुसहरी पंचायत स्थित मध्य विद्यालय रानीपुर में सहायक शिक्षिका के पद पर कार्यरत थीं। पति चला रहे थे बाइक, गोद में था डेढ़ साल का बेटा जानकारी के अनुसार, बुधवार को दीपिका सिंह अपने पति चंदन सिंह के साथ बाइक से स्कूल जा रही थीं। बाइक उनके पति चला रहे थे, जबकि दीपिका की गोद में उनका डेढ़ वर्षीय बेटा बैठा था। जैसे ही उनकी बाइक भोरे थाना क्षेत्र के काली मोड़ स्थित एक निजी अस्पताल के सामने पहुंची, तभी अचानक एक बंदर बाइक पर कूद पड़ा। अचानक हुए घटनाक्रम से बाइक अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर गई। हादसे के दौरान दीपिका ने सबसे पहले अपने मासूम बेटे को सुरक्षित बचाने का प्रयास किया। इसी दौरान उनका सिर सड़क से जोरदार तरीके से टकरा गया, जिससे उन्हें गंभीर चोटें आईं। हालांकि उनका बेटा सुरक्षित बच गया। देवरिया रेफर किया गया, इलाज के दौरान तोड़ा दम स्थानीय लोगों की मदद से घायल शिक्षिका को तत्काल नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें देवरिया रेफर कर दिया। देवरिया के एक निजी अस्पताल में इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। परिवार और स्कूल में शोक की लहर शिक्षिका की असमय मौत से परिवार में मातम पसरा है। विद्यालय के शिक्षक, छात्र और क्षेत्र के लोगों ने भी घटना पर गहरा दुख जताया है। डेढ़ वर्षीय बेटे के सुरक्षित बच जाने के बावजूद मां की मौत से पूरा परिवार सदमे में है। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक राकेश राय ने बताया कि महिला की सड़क हादसे में मौत हुई है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Source link
बेटे को बचाने में शिक्षिका की गई जान:चलती बाइक पर बंदर कूदा, सिर में गंभीर चोट लगी, इलाज के दौरान मौत