बेटी को जहर देकर मार डाला:प्रयागराज में 6 दिन से भर्ती विवाहिता की मौत पर घरवालों ने लगाया आरोप, पुलिस ढिलाई बरत रही


प्रयागराज में ससुराल में संदिग्ध परिस्थितियों में जहर खाने के बाद छह दिन से एसआरएन अस्पताल में भर्ती विवाहिता की बुधवार रात इलाज के दौरान मौत हो गई। मायके वालों ने ससुराल पक्ष पर जबरन जहर देकर हत्या करने का आरोप लगाया है। गुरुवार को पोस्टमार्टम के बाद परिजन शव लेकर कानपुर रवाना हो गए। 10 लाख देने का बना रहे थे दबाव
मृतका की पहचान कानपुर के रावतपुर गांव निवासी प्रियंका के रूप में हुई है। उसकी शादी 2023 में मम्फोर्डगंज निवासी गौरव प्रताप सिंह के साथ हुई थी। मृतका के भाई शिवगोविंद ने कर्नलगंज थाने में दी तहरीर में आरोप लगाया कि शादी के बाद से ही ससुराल वाले दहेज के लिए प्रियंका को प्रताड़ित करते थे। मायके से 10 लाख रुपये लाने का दबाव बनाया जाता था। मांग पूरी नहीं होने पर उसके साथ मारपीट की जाती थी। परिजनों का आरोप है कि 4 अगस्त की रात करीब 11 बजे पति समेत ससुराल पक्ष के लोगों ने प्रियंका को जबरन जहर दे दिया। हालत बिगड़ने पर उसे स्वरूपरानी नेहरू अस्पताल में भर्ती कराया गया था। छह दिन तक आईसीयू में इलाज चलने के बाद बुधवार रात उसकी मौत हो गई। घरवालों का आरोप- मिलकर मारा
मौत के बाद प्रियंका के घरवालों ने पुलिस की कार्रवाई पर भी सवाल उठाए हैं। परिजनों का कहना है कि अभी तक इस मामले में किसी को गिरफ्तार नहीं किया गया है। एफआईआर लिखे जाने के आठ दिन बाद एक भी आरोपी को हिरासत में न लिया जाने से यह साफ है कि कार्रवाई में ढिलाई बरती जा रही है। उनका आरोप है कि लड़के वालों ने मिलकर जान से मारा है। हम लोग चाहते हैं कि पूरे घर वालों को गिरफ्तार किया जाए और सभी को सजा दी जाए। मुकदमा वापस लेते ही फिर शुरू हुआ उत्पीड़न
भाई के मुताबिक, इससे पहले भी प्रियंका ने ससुराल वालों के खिलाफ दहेज उत्पीड़न का मुकदमा दर्ज कराया था। बाद में ससुराल पक्ष के लोगों के गलती मानने और दोबारा प्रताड़ित नहीं करने का भरोसा देने पर मुकदमा वापस ले लिया गया था। आरोप है कि मुकदमा वापस होने के बाद फिर से उत्पीड़न शुरू हो गया। तहरीर में पति गौरव प्रताप सिंह, सास सुशीला देवी, ननद शोभा चंद्रा व दीपशिखा, देवर शुभम और नंदोई हेमंत को आरोपी बनाया गया है। एसीपी बोले, आरोपियों की तलाश की जा रही
एसीपी कर्नलगंज विवेक यादव ने बताया कि विवाहिता की शादी को सात साल से कम समय हुआ था। मौत के बाद मामले में दहेज हत्या से संबंधित धारा में मुकदमा तरमीम किया जाएगा। आरोपियों की तलाश शुरू कर दी गई है। जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी की जाएगी।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *