![]()
बुलंदशहर में 11 से 13 जून तक तेज आंधी-तूफान, वज्रपात, ओलावृष्टि और भारी बारिश की संभावना है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) की चेतावनी के बाद जिला प्रशासन ने हाई अलर्ट जारी किया है। प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने और खराब मौसम के दौरान अनावश्यक रूप से घरों से बाहर न निकलने की अपील की है।अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) अभिषेक कुमार सिंह ने बताया कि IMD से मिली जानकारी के अनुसार, इस अवधि में जिले में हवाएं 80 से 90 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकती हैं, जो 100 किलोमीटर प्रति घंटे तक भी पहुंच सकती हैं। इसके साथ ही तेज बारिश, आकाशीय बिजली गिरने और ओलावृष्टि की भी आशंका है।जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने आम जनता को सलाह दी है कि खराब मौसम के दौरान पक्के मकानों के अंदर सुरक्षित रहें और खिड़की-दरवाजे बंद रखें। पेड़ों, बिजली के तारों, कच्ची दीवारों और टिन शेड से दूर रहने के साथ ही खेतों, छतों और खुले स्थानों पर जाने से बचें।प्रशासन ने किसानों से अपील की है कि मौसम सामान्य होने तक खुले में कृषि कार्य स्थगित रखें। फसलों और पशुओं को सुरक्षित स्थानों पर रखें। पशुओं को पेड़ों या टिन शेड के नीचे बांधने के बजाय सुरक्षित स्थानों पर रखने और चरने के लिए खुले में न छोड़ने की सलाह दी गई है।इसके अतिरिक्त, खराब मौसम के दौरान यात्रा टालने की हिदायत दी गई है। यदि यात्रा आवश्यक हो, तो सावधानीपूर्वक वाहन चलाएं। इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों को न छूने और आकाशीय बिजली के खतरे को देखते हुए मोबाइल फोन के उपयोग से भी बचने की सलाह दी गई है।जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने जनहित में जारी इस एडवाइजरी का पालन करने की अपील करते हुए कहा है कि सतर्कता ही किसी भी संभावित दुर्घटना से बचाव का सबसे प्रभावी उपाय है।
Source link
बुलंदशहर में 11 से 13 जून तक आंधी-तूफान का अलर्ट:100 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकती हैं हवाएं, ओले गिरने की भी संभावना