बुलंदशहर में झोलाछाप का गोली लगा शव मिला:परिजनों ने दोस्तों पर हत्या का आरोप लगाया, फोन कर बुलाया था


बुलंदशहर में एक झोलाछाप शाहरुख उर्फ शाहनवाज की हत्या का मामला सामने आया है। परिजनों ने युवक के दोस्तों पर हत्या का आरोप लगाते हुए पुलिस से सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। परिजनों ने पुलिस को दी शिकायत में बताया मोहल्ला रुकनसराय निवासी शाहनवाज 5 अप्रैल को अपने दोस्त शादान के बुलाने पर गांव जलेपुरा गया था। दोपहर करीब 2 बजे शादान ने उसे फोन कर अपने पास बुलाया था। परिजनों के अनुसार, फोन पर बातचीत के दौरान आरोपी ने धमकी भरे लहजे में बात की और शाहनवाज को जबरन बुलाया। रात करीब 11 बजे तक जब शाहनवाज घर नहीं लौटा, तो परिजनों ने उसे फोन किया। शाहनवाज ने बताया कि वह शादान और अन्य लोगों के साथ है और सुबह वापस आ जाएगा। इसके बाद उसका फोन बंद हो गया। अगले दिन जब युवक घर नहीं लौटा, तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। इसी दौरान गांव जलेपुरा में कुछ लोगों से जानकारी मिली कि शाहनवाज को गोली मारकर भैंसपुरा के जंगल में फेंक दिया गया है। सूचना मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे, जहां शाहनवाज का शव पड़ा मिला। मृतक के भाई तालिब ने आरोप लगाया है कि शादान, कमर जहां और उनके अन्य साथियों ने मिलकर योजनाबद्ध तरीके से शाहनवाज की हत्या की है। पीड़ित परिवार ने कोतवाली नगर पुलिस को तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर सख्त कार्रवाई की मांग की है। सीओ सिटी प्रखर पांडेय ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है। उन्होंने जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार करने का आश्वासन दिया।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *