बुजुर्ग सास ने बहू पर लगाया मारपीट का आरोप:बुलंदशहर SSP से लगाई न्याय की गुहार, जांच और कार्रवाई के आदेश


बुलंदशहर में एक वृद्ध महिला ने अपनी बहू पर मारपीट, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। पीड़िता ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) से न्याय की गुहार लगाई, जिसके बाद एसएसपी ने मामले में कार्रवाई के आदेश दिए हैं। नगर कोतवाली क्षेत्र के नजीमपुरा भूड़ निवासी 73 वर्षीय वेदवती देवी पत्नी स्व. रामकिशन ने बताया कि उनका बेटा बीएसएफ में कार्यरत है। वह अपनी पोती के साथ घर के निचले हिस्से में रहती हैं, जबकि उनकी बहू आशीष लता ऊपरी हिस्से में रहती है। वेदवती देवी का आरोप है कि उनकी बहू आए दिन उनके साथ गाली-गलौज और मारपीट करती है। पीड़िता के अनुसार, 14 फरवरी 2026 को बहू आशीष लता ने उनके तीन वर्षीय पोते के साथ मारपीट की। जब वेदवती देवी बच्चे को बचाने गईं, तो बहू ने उन्हें धक्का देकर गिरा दिया। इसके बाद 2 मार्च को भी बहू ने गाली-गलौज करते हुए पूरे परिवार को झूठे मामले में फंसाने की धमकी दी। 8 मार्च को एक बार फिर विवाद हुआ, जिसमें बहू ने घर में घुसकर मारपीट की और उनका मोबाइल फोन तोड़ दिया। वेदवती देवी ने बताया कि इस दौरान उन्हें लोहे के गेट से धक्का दिया गया, जिससे उनके घुटने में गंभीर चोट आई। उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के बाद एक्स-रे और अन्य जांचें हुईं। डॉक्टरों ने उनके घुटने में प्लास्टर चढ़ाया और बाद में एमआरआई व ऑपरेशन की आवश्यकता बताते हुए उन्हें दिल्ली रेफर कर दिया है। पीड़िता का आरोप है कि उन्होंने 2 मार्च और 8 मार्च को नगर कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई थी, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। उन्होंने एसएसपी से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *