![]()
मुजफ्फरनगर में 31 मई को होने वाली उत्तर प्रदेश संयुक्त बीएड प्रवेश परीक्षा-2026 के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट पर है। जिलाधिकारी उमेश मिश्रा ने परीक्षा को निष्पक्ष, पारदर्शी, नकलविहीन और शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के सख्त निर्देश दिए हैं। शुक्रवार को जिला पंचायत सभागार में हुई समीक्षा बैठक में जिलाधिकारी ने कहा कि परीक्षा केंद्रों पर किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने सेक्टर मजिस्ट्रेट, स्टेटिक मजिस्ट्रेट, केंद्र व्यवस्थापक और पर्यवेक्षकों को निर्देश दिए कि केंद्रों पर कोई भी अनावश्यक व्यक्ति दिखाई न दे।
जिले में 5 परीक्षा केंद्रों पर दो पालियों में परीक्षा आयोजित की जाएगी। पहली पाली सुबह 9 बजे से दोपहर 12 बजे तक और दूसरी पाली दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक चलेगी। इस परीक्षा में कुल 2383 अभ्यर्थी शामिल होंगे। डीएम उमेश मिश्रा ने सभी परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे, पेयजल, बिजली, जनरेटर, पंखे और महिला-पुरुष शौचालय सहित सभी मूलभूत व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि परीक्षा शुरू होने से समाप्ति तक सभी सीसीटीवी कैमरे लगातार संचालित रहने चाहिए। प्रत्येक अभ्यर्थी की बायोमेट्रिक जांच अनिवार्य होगी और मुख्य द्वार पर सघन चेकिंग की जाएगी। परीक्षा केंद्र के भीतर मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच, ब्लूटूथ, कैलकुलेटर, किसी भी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक गैजेट और पर्चियों पर पूरी तरह प्रतिबंध रहेगा। अधिकारियों और कर्मचारियों को भी मोबाइल फोन या इलेक्ट्रॉनिक गैजेट के साथ केंद्र में प्रवेश की अनुमति नहीं होगी। जिलाधिकारी ने पुलिस प्रशासन को सभी परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखने के निर्देश दिए। ट्रैफिक व्यवस्था को लेकर भी विशेष निर्देश जारी किए गए हैं ताकि परीक्षार्थियों को समय पर केंद्र तक पहुंचने में कोई परेशानी न हो। बैठक में एडीएम प्रशासन संजय कुमार सिंह ने भी अधिकारियों को परीक्षा संबंधी दिशा-निर्देश दिए।
Source link
बीएड परीक्षा को लेकर मुजफ्फरनगर में हाई अलर्ट:मोबाइल-इलेक्ट्रॉनिक गैजेट पूरी तरह बैन, हर अभ्यर्थी की होगी बायोमेट्रिक जांच