![]()
बिजनौर के किरतपुर क्षेत्र में ट्रेन से गिरकर बिहार के एक युवक की मौत हो गई। युवक दो दिन पहले बिहार से पंजाब मजदूरी करने जा रहा था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। यह घटना शुक्रवार को सामने आई, जब ग्राम फजलपुर हबीब के ग्रामीण खेतों की ओर जा रहे थे। उन्हें मुअज्जमपुर नारायण से नजीबाबाद जाने वाले रेलवे ट्रैक के पास एक युवक का शव मिला। ग्रामीणों ने तत्काल इसकी सूचना स्टेशन मास्टर और पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस को मृतक की जेब से आधार कार्ड मिला। इससे उसकी पहचान 25 वर्षीय अंगद के रूप में हुई, जो पूर्णिया जनपद, बिहार के ग्राम कंचना महेंदरपुर निवासी राजकुमार ऋषि का पुत्र था। पुलिस कर रही मामले की जांच पुलिस ने अंगद के परिजनों को सूचना दी। शनिवार को पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे परिजनों ने बताया कि अंगद धान लगाने के लिए बिहार से पंजाब जा रहा था। अंगद की शादी छह साल पहले हुई थी और उसके दो बच्चे हैं। परिजन पोस्टमार्टम के बाद शव अपने साथ ले गए। थानाध्यक्ष पुष्पेंद्र सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया युवक की मौत ट्रेन से गिरने के कारण हुई प्रतीत होती है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
Source link
बिहार के युवक की ट्रेन से गिरकर मौत:मजदूरी करने पंजाब जा रहा था, बिजनौर में मिला शव