बिल्ला का फर्जी पासपोर्ट मामले में दीवान से पूछताछ:गोरखपुर के पते का इस्तेमाल कर बनवाई आईडी, इंडोनेशिया से पकड़ा गया


पंजाब के गैंगेस्टर जोबनजीत सिंह उर्फ बिल्ला के गोरखपुर पते से फर्जी पासपोर्ट बनवाने के मामले में पुलिस ने एक जीआरपी के दिवान को हिरासत में ले लिया। और पूछताछ कर रही है। वह साल 2024 में गोरखनाथ थाने में तैनात था। जानकारी के मुताबिक पूछताछ में उसने पासपोर्ट बनवाने की प्रक्रिया से जुड़े कई लोगों के नाम बताए हैं। जिनकी तलाश कर जल्द ही उनसे भी पूछताछ की जाएगी। पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों का मानना है कि यह मामला केवल एक फर्जी पासपोर्ट का नहीं, बल्कि संगठित गिरोह का है और जल्द ही बड़ी कार्रवाई हो सकती है। पंजाब और दिल्ली के गिरोह ने करवाया संपर्क
पंजाब पुलिस की जांच में सामने आया है कि अमृतसर देहात के अर्जन मांगा गांव का रहने वाला गैंग्सटर जोबनजीत सिंह ने नवंबर 2024 में गोरखपुर के पते पर दीप सिंह उर्फ दीपू के नाम पर फर्जी आधार कार्ड बनवाकर पासपोर्ट हासिल किया था। इसके लिए गोरखनाथ क्षेत्र के लच्छीपुर इलाके का फर्जी पता इस्तेमाल किया गया। गैंगेस्टर ने पूछताछ में स्वीकार किया कि पंजाब और दिल्ली के गिरोह ने उसका संपर्क गोरखपुर में सक्रिय फर्जी पासपोर्ट नेटवर्क से कराया था। सूत्रों के मुताबिक हिरासत में लिए गए दीवान से पूछताछ में उन लोगों के नाम सामने आए हैं, जिन्होंने फर्जी दस्तावेज तैयार कराने, आवेदन कराने और सत्यापन प्रक्रिया में भूमिका निभाई थी। पुलिस अब इन सभी की भूमिका की जांच कर रही है। अन्य लोगों के खिलाफ जल्द कार्रवाई
अधिकारियों का कहना है कि पूछताछ के आधार पर जल्द ही कई अन्य लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जा सकती है। जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि बिल्ला को गोरखनाथ क्षेत्र का फर्जी पता किसने उपलब्ध कराया, आधार कार्ड और अन्य दस्तावेज किसने तैयार किए और पुलिस सत्यापन की प्रक्रिया में किन-किन लोगों की भूमिका रही। इसके लिए पासपोर्ट आवेदन, पुलिस सत्यापन रिपोर्ट और अन्य अभिलेखों का मिलान किया जा रहा है। यदि किसी स्तर पर मिलीभगत मिली तो पूरी श्रृंखला में शामिल लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जाएगा। बिल्ला प्रकरण के बाद पुलिस ने जांच का दायरा बढ़ा दिया है। पिछले वर्षों में फर्जी पतों पर बने पासपोर्ट, आधार कार्ड और निवास प्रमाण पत्रों का रिकार्ड भी खंगाला जा रहा है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *